Agra Zone में गैंगस्टरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक महीने में जब्त की 6.75 करोड़ की संपत्ति

आगरा अलीगढ़ समेत दोनों मंडल के आठ जिलों की पुलिस ने की कार्रवाई। दोनों मंडल में 126 गैंगस्टर किए गिरफ्तार 33 गैंगस्टरों की गिरफ्तारी के साथ एटा पहले नंबर पर। तीन मार्च से चार अप्रैल तक आठों जिलों की पुलिस 126 गैंगस्टर को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Fri, 09 Apr 2021 10:34 AM (IST) Updated:Fri, 09 Apr 2021 10:34 AM (IST)
Agra Zone में गैंगस्टरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक महीने में जब्त की 6.75 करोड़ की संपत्ति
आगरा, अलीगढ़ समेत दोनों मंडल के आठ जिलों की पुलिस ने की कार्रवाई।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा जोन में पुलिस ने पंचायत चुनाव के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक महीने में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 126 गैंगस्टर को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही उनकी जड़ों पर चोट पहुंचाने का भी काम किया। उनकी पौने सात करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है।

पंचायत चुनाव को प्रभावित करने वाले अराजक तत्वों को पुलिस ने अपने रडार पर लिया हुआ है। इनमें शराब तस्कर, पूर्व के चुनावों में बवाल करने में नामजद हुए लोग, अवैध हथियारों की खरीदफराेख्त करने वालों के अलावा गैंगस्टर भी शामिल हैं। पुलिस ने इन सबके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का ब्लू प्रिंट तैयार किया है। इसमें आरोपितों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी शामिल है।

इसी क्रम में आगरा, मथुरा, फीरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज पुलिस ने गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान चला रखा है। तीन मार्च से चार अप्रैल तक आठों जिलों की पुलिस 126 गैंगस्टर को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। इसके अलावा उसने इन गैंगस्टर की पौने सात करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की है। गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई में एटा पुलिस अव्वल रही। उसने 33 गैंगस्टर को गिरफ्तार किया। जबकि अलीगढ़ पुलिस 31 गैंगस्टर को गिरफ्तार करके दूसरे स्थान पर रही। इसके अलावा फीरोजाबाद पुलिस ने 19 और आगरा पुलिस ने 11 गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है।

इनामी 40 अपराधी भी गिरफ्तार

जोन की पुलिस ने इसके अलावा इनामी अपराधियों के खिलाफ भी अभियान चलाया। पुलिस ने एक महीने के दौरान 40 इनामी अपराधी गिरफ्तार करके जेल भेजे। इनमें कुछ के साथ अपराधी पुलिस मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में घायल भी हुए।

जोन में 2251 वारंटी गिरफ्तार

आगरा जोन पुलिस द्वारा पंचायत चुनाव के दाैरान चलाए जा रहे अभियान के दौरान उसने 2251 वारंटी भी गिरफ्तार किए। यह अदालतों में अपने खिलाफ चल रहे विभिन्न मुकदमों में हाजिर नहीं हो रहे थे। इसके चलते उनके खिलाफ वारंट जारी किए गए थे।

पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गैंगस्टर, शराब तस्करों और वांछितों समेत अन्य अराजक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने गैंगस्टरों की पौने सात करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।

राजीव कृष्ण, एडीजी आगरा जोन 

chat bot
आपका साथी