राजस्व निरीक्षकों की लंबी फौज, अभी तक 15 करोड़ वसूला हाउस टैक्स

इस वित्तीय साल में 60 करोड़ रुपये की वसूली का है लक्ष्य वसूली न होने से लड़खड़ाए विकास कार्य 22 सितंबर को होने जा रहा विशेष सदन हंगामे के आसार

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 10:30 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 10:30 PM (IST)
राजस्व निरीक्षकों की लंबी फौज, अभी तक 15 करोड़ वसूला हाउस टैक्स
राजस्व निरीक्षकों की लंबी फौज, अभी तक 15 करोड़ वसूला हाउस टैक्स

आगरा, जागरण संवाददाता । नगर निगम में 24 राजस्व निरीक्षक हैं। यह हाउस टैक्स की वसूली के लिए हैं, लेकिन टैक्स की वसूली में लापरवाही बरती जा रही है। इस वित्तीय साल में अभी तक 60 करोड़ के सापेक्ष 15 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। कम राजस्व मिलने का असर विकास कार्यों पर पड़ा है। इसे लेकर सोमवार को पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने नगरायुक्त निखिल टीकाराम को ज्ञापन सौंपा। वहीं 22 सितंबर को नगर निगम का विशेष सदन होने जा रहा है। तीसरे पहर तीन बजे से होने वाले सदन में हंगामे से इन्कार नहीं किया जा सकता है।

ठीक से हो सर्वे तो बढ़ सकते हैं भवन : दो साल पूर्व नगर निगम के सौ वार्डों में भवनों के सर्वे का जिम्मा साईं कंपनी को मिला था। यह निर्णय प्रदेश सरकार स्तर से हुआ था। कंपनी द्वारा ठीक से सर्वे न करने पर दो माह पूर्व नगरायुक्त ने नाराजगी जताई और प्रमुख सचिव, नगर विकास को पत्र लिखा था। कंपनी को काली सूची में डालने की मांग की गई थी। दो साल के बाद भी एक भी भवन नहीं बढ़ा है। वर्तमान में भवनों की संख्या 3.15 लाख हैं, इनमें 35 हजार व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं।

तीस सितंबर तक मिलेगी दस फीसद छूट : नगर निगम प्रशासन ने हाउस टैक्स में तीस सितंबर तक दस फीसद की छूट दी है। अपर नगरायुक्त विनोद कुमार ने बताया कि चार जोनल कार्यालय लोहामंडी, ताजगंज, छत्ता और हरीपर्वत में टैक्स जमा कराया जा सकता है।

- नगर निगम के अफसर हाउस टैक्स की वसूली पर कम ध्यान दे रहे हैं। पांच माह में 15 करोड़ रुपये की वसूली हुई है।

रवि माथुर, पार्षद पीपलमंडी - हाउस टैक्स की वसूली को बढ़ाया जाना चाहिए। इससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसे लेकर नगरायुक्त को ज्ञापन दिया गया है।

मोहन सिंह, पार्षद ताजगंज - हाउस टैक्स की वसूली को लेकर हर दिन बैठक होनी चाहिए। इससे 60 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो सकेगा।

सविता अग्रवाल, पार्षद कमला नगर - हाउस टैक्स की वसूली पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। 22 सितंबर को इसे लेकर सदन बुलाया गया है।

राजेश प्रजापति, पार्षद अशोक नगर

chat bot
आपका साथी