नीला झंडा छोड़, भाजपा में पहुंचे फतेहपुरसीकरी के पूर्व विधायक सूरज पाल

बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर फतेहपुर सीकरी से दो बार रह चुके हैं विधायक। लखनऊ में ली सदस्यता। हालांकि पूर्व विधायक ने वर्ष 2019 में ही छोड़ दी थी बसपा। बिना कांग्रेस की सदस्‍यता लिए राज बब्‍बर का किया था चुनाव में समर्थन।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 10 Oct 2021 06:14 PM (IST) Updated:Sun, 10 Oct 2021 06:14 PM (IST)
नीला झंडा छोड़, भाजपा में पहुंचे फतेहपुरसीकरी के पूर्व विधायक सूरज पाल
लखनऊ में भाजपा में शामिल होते पूर्व विधायक सूरज पाल।

आगरा, जागरण संवाददाता। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा अपना कुनबा बड़ा करने में जुटी है। दूसरे दलों में सेंध लगाई जा रही है, तो आने वालों को भी स्वीकारा जा रहा है। बसपा से दो बार विधायक रह चुके, ठाकुर सूरज पाल ने भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने रविवार को लखनऊ में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2007 और 2012 में बसपा से विधानसभा चुनाव जीतने वाले ठाकुर सूरज पाल ने वर्ष 2019 में नीले खेमे को छोड़ दिया था। वे फतेहपुर सीकरी से लोकसभा का टिकट मांग रहे थे, लेकिन बसपा ने गुड्डू पंडित को मैदान में उतार दिया था। उनका कहना था कि पार्टी के समर्पित सिपाही के रूप में काम करने के बाद भी बाहरी व्यक्ति को थोपना उचित नहीं है। इसके बाद वे कांग्रेस नेता राजबब्बर के समर्थन में आ गए थे, लेकिन उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता नहीं लेने का दावा किया था। लोकसभा चुनाव के बाद उनके कई बार फिर से बसपाई होने की चर्चाएं चली थीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। गत सप्ताह से उनकी फिर से हाथी पर सवार हाेने की चर्चा थी, तो वे लंबे समय से भाजपा के संपर्क में भी थे। प्रमुख मंच नहीं मिलने के कारण देरी हो रही थी। रविवार को लखनऊ में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने उन्हें पटका पहना पार्टी की सदस्यता दिलाई है। उनके सदस्यता ग्रहण करने के बाद भाजपा के जनप्रतिनिधियों में हलचल तेज हो गई है।

पार्टी जहां से लड़ाएगी वहां से लडूंगा चुनाव

भाजपाई होने के बाद जागरण से फोन पर हुई वार्ता में ठाकुर सूरज पाल ने बताया कि पार्टी से किसी तरह का कोई आश्वासन नहीं है। न ही उन्होंने कोई मांग रखी है। अगर उन्होंने जनता के बीच कुछ कमाया है, तो उसका प्रतिफल मिलेगा। आगरा की नौ विधानसभा में से पार्टी जिस पर भी कहेगी वे उस पर चुनाव लडेंगे।

chat bot
आपका साथी