Tajmahal: जानिए ताजमहल पर क्यों नहीं खुल रहीं टिकट विंडो, नए अधीक्षण पुरातत्वविद ने जानीं पर्यटकों की समस्याएं

ताजमहल पर मोबाइल नेटवर्क डिस्टर्ब रहने से पांच से सात फीसद पर्यटक आनलाइन टिकट बुक नहीं कर पाते हैं और इन्हें लपके घेरते हैं। टिकट विंडो खोलने के लिए स्टाफ नहीं है। पूर्व में एएसआइ ने आउटसोर्सिंग के माध्यम से स्टाफ रखा हुआ था। इसके लिए टेंडर करना पड़ेगा।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 12:40 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 12:40 PM (IST)
Tajmahal: जानिए ताजमहल पर क्यों नहीं खुल रहीं टिकट विंडो, नए अधीक्षण पुरातत्वविद ने जानीं पर्यटकों की समस्याएं
टिकट विंडो खोलने के लिए नहीं है स्टाफ।

जागरण संवाददाता, आगरा। वीकेंड मेंं ताजमहल पर भीड़ उमड़ रही है। इसके बावजूद टिकट विडो बंद हैं। पर्यटक परेशान हो रहे हैं और लपके उन्हें शिकार बना रहे हैं। टिकट विंडो बंद होने की वजह कर्मचारियों की कमी है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के आगरा सर्किल के नवागत अधीक्षण पुरातत्वविद् राजकुमार पटेल ने शनिवार सुबह ताजमहल और आगरा किला का निरीक्षण किया। स्मारकों पर पर्यटकों को होने वाली परेशानियों की उन्होंने जानकारी जुटाने के साथ संरक्षण कार्य देखे।

अधीक्षण पुरातत्वविद् राजकुमार पटेल शनिवार सुबह ताजमहल पहुंचे। यहां उन्होंने ताजमहल का राउंड लिया और पर्यटकों को होने वाली परेशानी जानी। ताजमहल पर मोबाइल नेटवर्क डिस्टर्ब रहने से पांच से सात फीसद पर्यटक आनलाइन टिकट बुक नहीं कर पाते हैं और इन्हें लपके घेरते हैं। टिकट विंडो खोलने के लिए स्टाफ नहीं है। पूर्व में एएसआइ ने आउटसोर्सिंग के माध्यम से स्टाफ रखा हुआ था। इसके लिए टेंडर करना पड़ेगा। इसके बाद उन्होंने आगरा किला का रुख किया और वहां चल रहे संरक्षण कार्यों को देखा। पटेल ने शुक्रवार देर शाम चार्ज लिया था। उनका स्वागत निवर्तमान अधीक्षण पुरातत्वविद् डा. वसंत कुमार स्वर्णकार ने किया। उन्हें एएसआइ के दिल्ली मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।

निदेशक उद्यान ने किया निरीक्षण

एएसआइ के निदेशक उद्यान के. लार्ड स्वामी ने शनिवार को ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी में बने उद्यानों का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्यानों की उचित तरीके से देखरेख पर जोर दिया।

पूर्वी व पश्चिमी गेट पर लंबी लाइन लगी रहीं

शनिवार को ताजमहल पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। खुशनुमा माहौल में पर्यटकों ने दीदार-ए-ताज का लुत्फ उठाया। पूर्वी व पश्चिमी गेट पर लंबी लाइन लगी रहीं। इससे पर्यटकों को स्मारक में प्रवेश के लिए इंतजार करना पड़ा। शनिवार को सुबह से ही मौसम खुशनुमा बना रहा। बूंदाबांदी व ठंडी हवा चलने से सुहाने मौसम में पर्यटकों ने ताजमहल का रुख किया। यहां दोपहर 12 बजे के करीब पश्चिमी गेट पर लंबी लाइन लग गई, जो नीम तिराहा तक पहुंच गई। ताजमहल देखने 17227 पर्यटक पहुंचे, जिनमें 17148 भारतीय और 79 विदेशी शामिल थे।

स्मारकों पर पर्यटकों की स्थिति

स्मारक, पर्यटक

ताजमहल, 17227

आगरा किला, 3630

फतेहपुर सीकरी, 485

सिकंदरा, 459

एत्माद्दौला, 225

मेहताब बाग, 193

रामबाग, 85

मरियम टाम्ब, 40

chat bot
आपका साथी