JP Nadda आगरा में देखेंगे, जनता का किस पर कितना विश्वास, भाजपा को नए चेहरों की तलाश

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आठ अगस्त को आगरा में संगठनात्मक बैठक करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की बैठक में आगरा में खंगाले जाएंगे विधायकों के रिपोर्ट कार्ड। क्षेत्रीय समस्या विकास के मुद्दों पर कितनी सक्रियता दिखाई और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की कितनी संख्या बढ़ाई।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 06 Aug 2021 08:45 AM (IST) Updated:Fri, 06 Aug 2021 08:45 AM (IST)
JP Nadda आगरा में देखेंगे, जनता का किस पर कितना विश्वास, भाजपा को नए चेहरों की तलाश
भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा आगरा आ रहे हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। भाजपा संगठन विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुका है। फिर से कमल खिलाने के लिए जनता में सीधी पकड़ बनाने, कार्यकर्ताओं में जोश जगाने और बूथ को मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है। पुराने चेहरों की समीक्षा की जा रही है, तो नए की तलाश है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी विधायकों का रिपोर्ट कार्ड खंगालेंगे, तो नए चेहरों पर भी चिंतन कर सकते हैं। इसके साथ ही स्थानीय समीकरण और मुद्दों को भी महत्व दिया जाएगा।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष आठ अगस्त को आगरा में संगठनात्मक बैठक करेंगे इसके साथ ही विधायकों और एमएलसी के साथ भी चिंतन प्रस्तावित है। हाल ही में चार जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध लापता के पोस्टर लग चुके हैं, जिसमें दो विधायक है। वहीं एक विधायक का विवादित आडियो वायरल हुआ था तो एक विधायक क्षेत्रीय व्यक्ति पर नाराजगी जताते हुए वायरल हुए थे। कई विधानसभा क्षेत्र में असंतुष्ट लोग इंटरनेट मीडिया पर खुलकर बदलाव की मांग कर रहे हैं, तो कुछ सांकेतिक रूप से पोस्ट डाल रहे हैं। इसके साथ ही दूसरे दावेदारों के नाम भी जमकर चर्चाओं में रहते हैं। संक्रमण काल में भी कुछ विधायक तो क्षेत्र से नदारद ही रहे, जिस पर लोगों ने विभिन्न माध्यमों से आक्रोश भी जताया था। संगठन भी आंतरिक रिपोर्ट समय-समय पर मंगाता रहता है, तो मंडलस्तर, सेक्टर स्तर से भी नेतृत्व द्वारा फोन कर जानकारी ली जाती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की संगठनात्मक और विधायकों की बैैठक में विधायकों के रिपोर्ट कार्ड पर विशेष महत्व दिया जाएगा। उनकी क्षेत्र में क्या गतिविधियां है, तो कार्यकर्ता एवं जनता कितनी संतुष्ट है। कोरोना संक्रमण काल में वे कितना जनता के बीच रहे। अगर नहीं तो उसके क्या कारण है। क्षेत्रीय समस्या, विकास के मुद्दों पर कितनी सक्रियता दिखाई और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की कितनी संख्या बढ़ाई। सूत्रों के अनुसार क्षेत्र के जातिगत समीकरण के आधार पर दूसरे विकल्प पर भी चर्चा होगी तो सभी विधानसभा सीटों पर कब्जा जमाने वाले बिंदुओं पर मंथन कर फिर से परचम लहराने की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

जिम्मेदारों को सौंपे जा रहे कार्य, सूची हो रही तैयार

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आठ अगस्त को आगरा आ रहे हैं। संगठनात्मक बैठक के साथ ही वे कोरोना वारियर्स चिकित्सकों का सम्मान भी करेंगे। इसके लिए संगठन पदाधिकारियों ने चिकित्सकों के संगठन से सूची प्राप्त कर ली है, तो अपने स्तर से भी नाम जुटाए जा रहे हैं। इसके साथ ही व्यवस्था संबंधी बैठक कर विभिन्न पदाधिकारियों को कार्य सौंपे जा रहे हैं।

फतेहाबाद रोड स्थित एसएनजे गोल्ड मैरिज होम में प्रस्तावित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन जुट गया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के लिए तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। कम समय में ज्यादा व्यवस्थाएं बनानी हैं। वहीं कोरोना वारियर्स सम्मान के लिए एक हजार चिकित्सक से संपर्क साधा जा रहा है। पदाधिकारी सूची तैयार कर रहे हैं। अभी कई अन्य बिंदुओं पर भी चिंतन चल रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठनात्मक बैठक, विधायकों, एमएलसी के साथ चिंतन के बाद चिकित्सकों का सम्मान करेंगे।

chat bot
आपका साथी