Inflation: आगरा के पेठे पर महंगाई की मार, जानिये कितना मंहगा हो गया है पेठा

व्यावसायिक गैस सिलेंडर और चीनी महंगी होने के कारण 15 से 20 रुपये प्रति किलोग्राम तक पेठा महंगा हो गया है। इसकी मिठास का स्वाद लेने के लिए लोगों को अब पहले की अपेक्षा अधिक खर्च करना पड़ रहा है।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 03:09 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 03:09 PM (IST)
Inflation: आगरा के पेठे पर महंगाई की मार, जानिये कितना मंहगा हो गया है पेठा
आगरा में बड़े स्तर पर होता है पेठा बनाने का काम।

आगरा, जागरण संवाददाता। विश्वविख्यात आगरा का पेठा भी महंगाई की चपेट में आ गया है। व्यावसायिक गैस सिलेंडर और चीनी महंगी होने के कारण 15 से 20 रुपये प्रति किलोग्राम तक पेठा महंगा हो गया है। इसकी मिठास का स्वाद लेने के लिए लोगों को अब पहले की अपेक्षा अधिक खर्च करना पड़ रहा है।

कोरोना काल में पेठे का कारोबार भी पूरी तरह से चौपट हो गया था। पिछले साल लाॅक डाउन के बाद से यह कारोबार पटरी पर नहीं आ पा रहा था। दूसरी लहर में यह चपेट में आ गया था। दीपावली के मौके पर यह रफ्तार पकड़ने को है लेकिन अब महंगाई का असर पड़ गया है। पेठा बनाने में चीनी उपयोग में आती है। लगभग डेढ़ महीने पहले इसका भाव 3450 रुपये प्रति कुंतल था। अब ये बढ़कर 3950 रुपये प्रति कुंतल हो गई है। इसके साथ ही पिछले 20 दिनों में गैस सिलेंडर के दामों में भी इजाफा हुआ है। 1667.50 रुपये वाला व्यावसायिक गैस सिलेंडर अब 1771.50 रुपये का हो गया है, जिसके चलते पेठा 15 से 20 रुपये प्रति किलोग्राम तक महंगा हो गया है। ताजनगरी में लगभग 56 तरीके का पेठा बनता है।

दीपावली के लिए तैयारी

अधिकांश घरों में दीपावली पर मेहमानों के स्वागत में पेठा परोसा जाता है। ऐसे में पेठा कारोबारियों ने दीपावली को लेकर अभी से तैयारी शुरू कर दी है। पहले से जो आॅर्डर मिल चुके हैं, उनके लिए पेठा बनाना शुरू कर दिया है। शहर ही नहीं, दिल्ली, ग्वालियर, जयपुर, लखनऊ, बरेली, कानपुर आदि कई प्रमुख शहरों से यहां के कारोबारियों को पेठे के आॅर्डर मिले हैं।

पेठे की प्रमुख वैरायटी की दर

पेठा वैरायटी, वर्तमान में रुपये/किलो, पूर्व में रुपये/किलो

सादा पेठा 120 100

सादा अंगूरी 150 135

लाल पेठा 150 130

पान गिलोरी 12 पीस 150 130

केसर पेठा 150 125

केसर अंगूरी 180 160

चैरी पेठा 200 185

खस पेठा 180 160

मिक्स चैरी 200 185

कोकोनट 200 180

राॅयल पेठा 360 340

जोर पकड़ रहा है कारोबार

शहीद भगत सिंह पेठा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर और चीनी महंगी होने के कारण पेठा 15 से 20 रुपये प्रति किलो तक महंगा हो गया है। हालांकि कोरोना काल के बाद पेठे का कारोबार थोड़ा जोर पकड़ रहा है। दीपावली के लिए आॅर्डर मिल चुके हैं।

chat bot
आपका साथी