Flights From Agra: एक बार फिर पटरी से उतरी ताजनगरी में विमान सेवा, इंडिगो ने बंद कीं उड़ानें

एक महीने में ही बंद हो गईं चार में से तीन फ्लाइट शहरवासियों को लगा बड़ा झटका। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते अप्रैल में आगरा-मुंबई व आगरा-अहमदाबाद फ्लाइट पांच मई तक के लिए स्थगित कर दी गई थीं। अब अवधि को और आगे तक बढ़ा दिया गया है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 10:22 AM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 10:22 AM (IST)
Flights From Agra: एक बार फिर पटरी से उतरी ताजनगरी में विमान सेवा, इंडिगो ने बंद कीं उड़ानें
आगरा से विमान सेवा को इंडिगो एयरलाइंस ने स्‍थगित कर दिया है।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में हवाई सेवा सुचारू नहीं रह पा रही है। पहले भी कई बार फ्लाइटों का संचालन शुरू हुआ लेकिन कुछ दिनों में उनके पहिये थमते रहे हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ है। मार्च के अाखिर में शुरू हुईं चार में से तीन फ्लाइटें बंद हो चुकी हैं। इससे शहरवासियों को तगड़ा झटका लगा है।

ताजनगरी में हवाई सेवा एक बार फिर से पटरी उतर गई है। इंडिगो एयरलाइंस ने मार्च के आखिर में आगरा से मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु और भोपाल के लिए हवाई सेवा शुरू की थी। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अप्रैल के मध्य में आगरा-मुंबई व आगरा-अहमदाबाद फ्लाइट पांच मई तक के लिए स्थगित कर दी गई थीं। काेरोना की रफ्तार थमते न देख इन दोनों हवाई सेवाओं को हालात सामान्य होने तक के लिए स्थगित कर दिया है। आगरा-मुंबई फ्लाइट सप्ताह में सोमवार, बुधवार व शनिवार तथा आगरा-अहमदाबाद फ्लाइट सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को उपलब्ध थी।इसके साथ ही प्रतिदिन संचालित होने वाली आगरा-भोपाल सेवा भी अब अनिश्चित समय के लिए स्थगित कर दी गई है। फिलहाल रविवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को आगरा-बेंगलुरु के बीच संचालित होने वाली हवाई सेवा जारी है। इसी साल जनवरी में इंडियन एयरलाइंस ने गोवा-आगरा-दिल्ली के बीच साप्ताहिक फ्लाइट शुरू की थी। यह फ्लाइट मार्च में ही स्‍थगित हो गई। जबकि इससे पहले इंडियन एयरलाइंस दिल्ली-आगरा-जैसलमेर के बीच भी हवाई सेवा संचालित कर चुका है। यह फ्लाइट भी कुछ दिन संचालित होने के बाद बंद हो गई थी। घोषणा के बाद भी लखनऊ, वाराणसी के बीच हवाई सेवा शुरू ही नहीं हो सकी। 

chat bot
आपका साथी