Kisan Andolan: पुलिस को चकमा देकर किसानों ने जाम किया यमुना एक्सप्रेस वे
Kisan Andolan करीब आधा घंटे तक एक्सप्रेस वे किसानों का कब्जा रहा। इससे राहगीरों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे एसपी देहात ने किसानों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। अब यातायात सुचारू हो गया है।
आगरा, जेएनएन। नई कृषि सुधार कानून के विरोध में किसानों ने पुलिस को चकमा देकर यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम लगा दिया। करीब आधा घंटे तक एक्सप्रेस वे जाम रहा। पुलिस अधीक्षक देहात मौके पर पहुंचे, किसानों को समझाबुझाकर शांत किया। इसके बाद जाम को खुलवाया।
रविवार को बाजना इंटर कालेज बाजना, मथुरा पर किसान कल्याण समिति का धरना चल रहा था। यहां किसान पिछले पांच दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस भी तैनात थी। किसान पिछले चार दिन से रोज एक्सप्रेस वे पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस उन्हें कामयाब नहीं होने दे रही थी। रविवार को किसान पुलिस को चकमा देकर यमुना एक्सप्रेस वे पर चढ़ने में सफल हुए। खास बात यह रही कि सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल होने के बाद भी किसी को इसकी भनक नहीं हो सकी। किसानों ने यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम लगा दिया। इससे पहले किसानों ने यमुना एक्सप्रेस वे करीब दो किलोमीटर तक शांति मार्च निकाला। इससे वाहनों का आवागमन जहां के तहां रुक गया। आगरा से नोएडा जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई। इसकी जानकारी होने के साथ ही पुलिस ने एक्सप्रेस वे की ओर दौड़ लगा दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसानों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुए। देखते ही देखते एक्सप्रेस वे छावनी में तब्दील हो गया। करीब 37 मिनट के बाद पुलिस को यमुना एक्सप्रेस वे पर जाम खुलवाने में सफलता हासिल हुई। इसके बाद ही पुलिस ने राहत की सांस ली।