आगरा में पुलिस की गाड़ी को घेरकर बस्ती वालों ने किया हंगामा, सटोरिये को छोड़ गई पुलिस

एत्माद्दौला के शाहदरा का मामला। पुलिस टीम को घेर लिया और हंगामा किया। खुद को घिरता देखकर पुलिस ने पकड़े हुए व्यक्ति को छोड़ दिया। इस दौरान हंगामा कर रहे कुछ युवकों ने सादा कपड़ों वाले एक पुलिसकर्मी से हाथापाई भी की।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 04:07 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 04:07 PM (IST)
आगरा में पुलिस की गाड़ी को घेरकर बस्ती वालों ने किया हंगामा, सटोरिये को छोड़ गई पुलिस
पुलिस की गाड़ी को घेरकर सटोरिये को छुड़ाया और हाथापाई की।

आगरा, जागरण संवाददाता। एत्माद्दौला क्षेत्र में पुलिस की नासमझी से हंगामा हुआ। सट्टे के आरोप में पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया। गिरेहबान पकड़कर सादा कपड़ों में पुलिसकर्मी उसे घसीटते हुए ले जाने लगे। इसी बीच स्वजन और बस्ती वाले एकजुट हो गए। उन्होंने पुलिस टीम को घेर लिया और हंगामा किया। खुद को घिरता देखकर पुलिस ने पकड़े हुए व्यक्ति को छोड़ दिया। इस दौरान हंगामा कर रहे कुछ युवकों ने सादा कपड़ों वाले एक पुलिसकर्मी से हाथापाई भी की, मगर पुलिस हाथापाई से इन्कार कर रही है।

पुलिस के अनुसार, शाहदरा निवासी शकील सट्टा कराता है। पिछले दिनों सटोरियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में वह चिह्नित किया गया था, मगर वह पकड़ में नहीं आया था। रविवार की दोपहर पुलिस को शकील के घर में होने की जानकारी हुई। एत्माद्दौला थाने की टीम उसे पकड़ने के लिए घर पहुंच गई। टीम में सादा कपड़ों में कुछ पुलिसकर्मी थे, जबकि तीन पुलिसकर्मी वर्दी में थे। शकील उस समय घर में बैठा था। टीम में शामिल सिपाही तहसीन ने शकील का गिरेहबान पकड़कर उसे घर से बाहर खींच लिया। महिलाओं ने इसका विरोध किया। पुलिस की गाड़ी शकील के घर से करीब दो सौ मीटर दूर थी। पुलिसकर्मी उसे पैदल घसीटते हुए ले जा रहे थे। तभी बस्ती वाले एकजुट होकर पुलिस के सामने आ गए और हंगामा करने लगे। पुलिस ने शकील को गाड़ी में बैठा लिया। उसके बाद बस्ती की महिलाओं ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और गाड़ी के आगे खड़ी हो गईं। बड़ी संख्या में लोगों ने पुलिस को घेरकर जाम लगा दिया। करीब 20 मिनट तक हंगामा किया।

इंस्पेक्टर एत्माद्दौला देवेंद्र शंकर पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं मानने को तैयार नहीं हुईं। बस्ती वालों का आक्रोश देखकर पुलिस ने शकील को छोड़ दिया। शकील का मोबाइल कांस्टेबल तहसीन के पास था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस्ती वालों ने हाथापाई कर तहसीन को रोड पर गिरा लिया। इसके बाद उससे मोबाइल छीन लिया।

chat bot
आपका साथी