आठ कमरों के तहखाने में चल रही शराब की अवैध फैक्ट्री

पुलिस की कार्रवाई में खुला राज ढाबे के दो कर्मचारी गिरफ्तार संचालक फरार 100 पेटी देसी शराब 29 ड्रम केमिकल समेत शराब बनाने के उपकरण बरामद

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 06:15 AM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 06:15 AM (IST)
आठ कमरों के तहखाने में चल रही शराब की अवैध फैक्ट्री
आठ कमरों के तहखाने में चल रही शराब की अवैध फैक्ट्री

जागरण टीम, आगरा। पुलिस ने जयपुर हाईवे स्थित महुअर में हर्ष ढाबे की आड़ में देसी शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। यह फैक्ट्री आठ कमरों वाले तहखाने में तैयार की जा रही थी। पुलिस ने बड़ी मात्रा में तैयार शराब, केमिकल व उपकरण आदि बरामद किए हैं। इस मामले में ढाबे के दो कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि संचालक सहदेव शर्मा फरार हो गया। शाम चार बजे शुरू हुई छापामार कार्रवाई रात 11 बजे के बाद भी जारी रही।

सीओ अछनेरा महेश कुमार ने बताया कि तहखाने से 100 पेटी देसी शराब, करीब 500 लीटर केमिकल, दो मिक्सिंग मशीन,कार, दो लोडर मैक्स गाड़ी और बाइक बरामद हुई है। ढाबा कर्मचारी रामवीर निवासी रायभा और विष्णु निवासी महुअर को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा ढाबे की सौ मीटर दूर दूसरी यूनिट से भी केमिकल से भरे 21 ड्रम बरामद हुए। ढाबा संचालक सहदेव, अनुज, रामवीर, विष्णु व छह-सात अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। सरकारी ठेकों पर की जाती थी सप्लाई

गिरफ्तार रामवीर ने पुलिस को बताया कि वह लोडर मैक्स चलाता है। शराब को किरावली, अछनेरा, बिचपुरी समेत आसपास के जिलों व देहात क्षेत्रों में बने सरकारी ठेकों पर सप्लाई किया जाता था। उसने बताया कि 20 पेटी शराब की बिक्री करने पर उसे एक हजार रुपये मिलते हैं। वहीं विष्णु शराब बनाता है। एक-दूसरे से जुड़े हैं कमरे

तहखाना करीब साढ़े तीन सौ मीटर क्षेत्रफल में बना है। इसके अधिकांश कमरों के दरवाजे एक दूसरे में खुलते हैं। जिन कमरों के दरवाजे बाहर हैं, उनसे आसानी से दूसरे कमरे में जाया जा सकता है। आबकारी विभाग पर सवालिया निशान

कुछ माह पूर्व अलीगढ़ में जहरीली शराब से सौ से अधिक लोगों की मौत होने पर शासन स्तर से आबकारी विभाग को चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया था। आगरा में भी विभागीय अधिकारियों ने वाहवाही लूटी थी। इसके बाद भी अवैध फैक्ट्री संचालित होने से आबकारी विभाग की कार्यशैली पर सवालिया निशान लग गया है। ढाबे पर आबकारी विभाग की टीम पुलिस की सूचना के बाद पहुंची ।

chat bot
आपका साथी