प्रियंका को कुछ देना था तो देकर जातीं, अरुण के मामले में कराई जाएगी उच्च स्तरीय जांच

केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने की अरुण के स्वजन से मुलाकात। परिवार को सांत्वना देते हुए उच्च स्तरीय जांच कराने की बात कही। प्रियंका गांधी वाड्रा पर साधा केंद्रीय राज्य मंत्री ने निशाना।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 02:56 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 02:56 PM (IST)
प्रियंका को कुछ देना था तो देकर जातीं, अरुण के मामले में कराई जाएगी उच्च स्तरीय जांच
अरुण के स्वजन से मुलाकात करते केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।

आगरा, जागरण संवाददाता। पुलिस हिरासत में अरुण वाल्मीकि की मौत के बाद शुक्रवार सुबह केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने उसके स्वजन को सांत्वना प्रदान की। लोहामंडी की वाल्मीकि बस्ती स्थित अरुण के घर पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री ने स्वजन को उच्च स्तरीय जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्हें परिवार को कुछ देना था तो देकर जातीं। घोषणा तो वो हर जगह कर के आती हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने अरुण की मां, भाई, पत्नी व अन्य स्वजनों से मुलाकात कर हादसे के बारे में विस्तृत जानकारी की। अरुण की असमय मौत पर गहरा दुःख जताते हुए पुलिस के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यद्यपि मौत का कोई मुआवजा नहीं होता फिर भी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा तुरंत 10 लाख रुपये का चेक व एक स्वजन को सरकारी सेवा का आश्वासन दिया है, उसके लिए मैं उनका आभार जताता हूूं। उन्होंने दु:खद घड़ी में अरुण के परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होने की बात कही। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को हर मामले में राजनीति सूझती है। प्रियंका गांधी वाड्रा को अगर परिवार को कुछ देना ही था तो अभी देकर जातीं। घोषणा तो वो हर जगह कर के आती हैं। हाथरस के चंदपा कांड में भी उन्होंने घोषणाओं की झड़ी लगा दी थी, परंतु परिणाम कुछ नहीं रहा। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं मुख्यमंत्री से मिलकर इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराऊंगा। दिगम्बर सिंह धाकरे, पार्षद हेमंत प्रजापति, राजा बाल्मीकि एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आएंगे

आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद शुक्रवार को सफाई कर्मचारी अरुण के आवास पर स्वजनों को सांत्वना देने पहुंचेंगे। तनावपूर्ण स्थिति ना बने इसलिए पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी है।

सफाई कर्मचारी अरुण की हिरासत में मौत के बाद राजनीति भी गरमा गई है। सत्ता पक्ष जहां स्वजनों को सांत्वना देने व आर्थिक मदद दिलाने में जुटा है तो विपक्ष मदद के साथ सरकार पर जमकर प्रहार कर रहा है। गुरुवार को कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबीरानी मौर्य सहित आधा दर्जन से अधिक नेताओं ने सफाई कर्मचारी के स्वजनों को सांत्वना दी थी। विपक्ष पूरे घटनाक्रम को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहा है। उनका कहना है कि पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल बना हुआ है। अपराध बढ़ गए हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। थाने के मालखाने से चोरी हो जाती है तो आम आदमी कैसे सुरक्षित है।

chat bot
आपका साथी