आगरा में पति-पत्नी ने एक साथ फंदे से लटककर की खुदकुशी, चार महीने पहले ही हुई थी शादी

खुदकुशी की वजह नहीं हुई साफ मार्बल कारीगर था युवक। आपस में कोई झगड़ा होने जैसी बात भी नहीं आई सामने। शनिवार सुबह हुई खुदकुशी की जानकारी। मौके पर नहीं मिला है कोई सुसाइड नोट। परिवार में मचा कोहराम।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 10:00 AM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 10:00 AM (IST)
आगरा में पति-पत्नी ने एक साथ फंदे से लटककर की खुदकुशी, चार महीने पहले ही हुई थी शादी
आगरा के शमसाबाद क्षेत्र में पति पत्‍नी ने खुदकुशी कर ली।

आगरा, जागरण संवाददाता। शमसाबाद के गांव महरमपुर में पति और पत्नी ने एक ही रस्सी से बने फंदों से लटककर खुदकुशी कर ली। शनिवार सुबह स्वजन को जानकारी हुई। तब उन्हें फंदे से नीचे उतारा गया। खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

महरमपुर निवासी 21 वर्षीय मार्बल कारीगर सचिन की चार मई 2021 को पिनाहट के सेहा गांव में रहने वाली 19 वर्षीय क्रांति से शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद सचिन दिल्ली में काम करने चला गया। गांव में सास सीमा के साथ क्रांति रहती थी। क्रांति की बड़ी बहन ललिता की शादी पहले ही सचिन के भाई रवि से हुई थी। रवि और उससे बड़े भाई नीरज दोनों दिल्ली में काम करते थे। ललिता भी गांव में ही रहती थी। स्वजन ने बताया कि चार-पांच दिन पहले क्रांति को दवा दिलाने के लिए सचिन दिल्ली से गांव आ गया था। शुक्रवार रात को पति-पत्नी खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह देर तक जब वे नहीं जागे तो ललिता ने कमरे की कुंडी खटखटाई। मगर, अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। ऐसे में दीवार की एक ईंट निकालकर अंदर देखा गया तो सचिन और उसकी पत्नी क्रांति पंखे के कुंडे से बंधे दो फंदों से लटके दिखाई दिए। यह देखकर घर में चीख पुकार मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर दोनों के शव फंदे से नीचे उतारे गए। तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। मां सीमा खुदकुशी का कारण नहीं समझ पा रही हैं। परिवार में किसी से कोई बात नहीं हुई। पति-पत्नी के बीच भी कोई झगड़ा नहीं हुआ था। आखिर ऐसा क्या हो गया? जिसके कारण दोनों ने आत्मघाती कदम उठा लिया। मौके से खुदकुशी से संबंधित कोई नोट भी नहीं मिला है।

chat bot
आपका साथी