हाईवे पर छह घंटे भीषण जाम, सोते रहे जिम्मेदार

खंदारी से सिकंदरा की ओर दो किलोमीटर तक लगी रही वाहनों की लाइन एंबुलेंस समेत फंसे रहे सैकड़ों वाहन गिट्टी से भरा ट्रक पलटने के कारण लगा जाम संपर्क मार्गों पर भी फंसे वाहन

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 05:47 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 05:47 AM (IST)
हाईवे पर छह घंटे भीषण जाम, सोते रहे जिम्मेदार
हाईवे पर छह घंटे भीषण जाम, सोते रहे जिम्मेदार

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा-दिल्ली हाईवे पर शनिवार दोपहर ट्रक पलटने के बाद पूरा ट्रैफिक सिस्टम फेल हो गया। थाना और ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही के चलते छह घंटे तक लगे रहे जाम में दो किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई। एंबुलेंस समेत सैकड़ों वाहन फंस गए। जाम से बचने को लोग शहर के अंदर के मार्गों पर निकले तो वहां भी भीषण जाम लग गया। करीब पांच घंटे बाद ट्रक को रोड से हटाया गया तब वाहनों का रेंगना शुरू हुआ।

आइएसबीटी के सामने फ्लाइओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते वैकल्पिक मार्ग बनाए गए हैं। सिकंदरा की ओर से खंदारी की ओर आने वाली लेन पर सेंट कानरेड्स इंटर कालेज के सामने रास्ता संकरा है। सर्विस रोड को इससे अलग करने को डिवाइडर भी बनाया गया है। बारिश के कारण रोड में गड्ढे हो गए हैं। शनिवार दोपहर 1.45 बजे यहां गिट्टी से भरे ट्रक की पीछे की कमानी टूट गई। ट्रक के बाई ओर पलटने से डिवाइडर टूट गया। जिससे ट्रैफिक जाम हो गया।

हाईवे पर जाने वाले वाहन सर्विस रोड से होकर खंदारी चौराहा जाने लगे। रफ्तार धीमी होने से यहां भी जाम लगना शुरू हो गया। कई घंटे तक पुलिस के सुधि न लेने से जाम बढ़ता गया। शाम चार बजे तक गुरुद्वारा गुरु का ताल से आगे तक वाहनों की लाइन लग चुकी थी। जाम से बचने को लोग महर्षिपुरम, गैलाना रोड व अन्य संपर्क मार्गों की ओर मुड़ गए। इससे यहां भी जाम लग गया। कालोनी वालों को हाईवे से घर पहुंचने में घंटों लग गए। शाम सात बजे ट्रैफिक पुलिस ने ट्रक को रोड से हटवाया तब वाहनों का गुजरना शुरू हुआ। रात आठ बजे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी हुई थी। टीआइ आशुतोष सिंह ने बताया कि ट्रक पलटने के कारण जाम लग गया था। हाइड्रा से ट्रक को हटवाकर जाम खुलवाया गया। ट्रक लोडेड होने के कारण उसे हटाने में समय लगा।

chat bot
आपका साथी