छेड़छाड़ में राजीनामा न करने पर हिस्ट्रीशीटर ने भाई के साथ की फायरिग

बिचपुरी की घटना वर्ष 2019 में दर्ज हुआ था मुकदमा पीड़ित पर बना रहे थे राजीनामा करने का दबाव मना करने पर बोला हमला

By JagranEdited By: Publish:Wed, 17 Feb 2021 09:00 PM (IST) Updated:Wed, 17 Feb 2021 09:00 PM (IST)
छेड़छाड़ में राजीनामा न करने पर हिस्ट्रीशीटर ने भाई के साथ की फायरिग
छेड़छाड़ में राजीनामा न करने पर हिस्ट्रीशीटर ने भाई के साथ की फायरिग

आगरा, जागरण संवाददाता। बिचपुरी में छेड़छाड़ के मामले में राजीनामा नहीं करने पर हिस्ट्रीशीटर और उसके भाई ने बुधवार को पीड़ित परिवार पर हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ फायरिग कर गांव में दहशत फैला दी। गांव में तनाव की जानकारी होने पर थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया।

इंस्पेक्टर जगदीशपुरा बीएन सिंह ने बताया कि बिचपुरी निवासी विजय और उसके भाई अजय के खिलाफ वर्ष 2019 में छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। बिचपुरी क्षेत्र निवासी ग्रामीण ने दोनों भाइयों पर अपनी पत्नी से छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। विजय जगदीशपुरा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।

छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने एक भाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। दूसरे ने अदालत में समर्पण किया था। जमानत पर जेल से रिहा होने के बाद हिस्ट्रीशीटर और उसका भाई पीड़ित पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। उसके इंकार करने पर कई बार धमकी दे चुके थे।

बुधवार को तीसरे पहर करीब चार बजे पीड़ित पक्ष का युवक बाजार जा रहा था। रास्ते में हिस्ट्रीशीटर और उसके भाई ने रोक लिया। मुकदमा वापस लेने की कहने लगे। युवक ने इन्कार किया तो उससे मारपीट शुरू कर दी। जानकारी होने पर पीड़ित पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। इस पर आरोपित दोनों भाइयों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इससे गांव में अफरातफरी और दहशत फैल गई। थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। तब तक आरोपित वहां से भाग चुके थे। इंस्पेक्टर बीएन सिंह ने बताया कि गांव में पुलिस तैनात कर दी है। आरोपितों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।

chat bot
आपका साथी