Broken Heart: दिल्‍ली की लड़की की मोहब्‍बत ताजमहल की चौखट पर तोड़ गई दम, अब नहीं लौट पा रही घर भी

दिल्ली की रहने वाली प्रेमिका दो दिन पहले आई थी आगरा। ताजमहल दिखाने के बहाने लेकर आया था प्रेमी। ताजमहल था बंद और प्रेमी भी यहां लाकर दे गया धोखा। मोहब्बत की नगरी में भटक रही प्रेमिका को दिया पुलिस और चाइल्ड लाइन ने सहारा।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 10:49 AM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 10:49 AM (IST)
Broken Heart: दिल्‍ली की लड़की की मोहब्‍बत ताजमहल की चौखट पर तोड़ गई दम, अब नहीं लौट पा रही घर भी
दिल्‍ली की लड़की की मोहब्‍बत ताजमहल पर आकर दम तोड़ गई।

आगरा, अली अब्‍बास। आगरा पहुंची दिल्ली से दिल में ताजमहल देखने की दिली हसरत लेकर निकली प्रेमिका मोहब्बत बेमिसाल निशानी पर पहुंचने के बाद फूट-फूट कर रोई। ताज के दीदार की हसरत पूरी न होने का दुख तो था ही, प्रेमी ने भी उसके साथ ऐसा काम किया कि वह उसका दिल टूट गया। वह इस दर्द को अपने दिल में लेकर दिल्ली लौटने को चल पड़ी। मगर, जेब में न तो रुपये थे और ना ही ताजनगरी में कोई परिचित था। इससे कि वह मदद मांग सकती। जिस प्रेमी के साथ ताजमहल देखने का ख्वाब देखा था। वह ताजमहल के पास पहुंचने के बाद टूटकर चकनाचूर हो चुका था। ऐसे में उसे पुलिस और चाइल्ड लाइन ने आसरा दिया। प्रेमी की बेवफाई की शिकार प्रेमिका को फिलहाल एक आश्रम में आश्रय दिलाया गया है।

ये है मामला

दिल्ली की रहने वाली प्रेमिका दो दिन पहले घर से आगरा के लिए निकली थी। प्रेमी उसे रास्ते में मिल गया। दोनों ने पहले आगरा आकर ताजमहल देखने का फैसला किया। वह शुक्रवार को उसे ताज पर लेकर पहुंचा। मगर, शुक्रवार होने के साथ ही कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने के चलते ताजमहल बंद मिला था। इस पर प्रेमी उसे धोखा देकर वहीं पर छोड़ गया। प्रेमी ने उससे बहाना किया कि वह इंतजार करे। दोनों के रहने का इंतजाम करने के बाद वह उसे यहां से आकर ले जाएगा। प्रेमी जब कई घंटे तक नहीं लौटा तो प्रेमिका का मामला समझते देर नहीं लगी। वह ताजमहल के गेट के बाहर ही काफी देर तक गुमसुम बैठी रही। इसके बाद घर लौटने का फैसला किया। वह आटो चालक की मदद सिकंदरा हाईवे पर पहुंची। यहां से दिल्ली के लिए बस की तलाश में भटकने लगी। उसे शनिवार की सुबह लावारिस हालत में घूमता देख एक राहगीर को कुछ शक हुआ। सूचना देने पर पहुंची पुलिस उसे सिकंदरा थाने लेकर आ गई। इसके बाद उसे चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया।

माता-पिता की हो चुकी है मौत

प्रेमिका ने चाइल्ड लाइन को पूछताछ में बताया कि उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। वह अपने मामा-मामी के पास रहती है। वह घर से ताजमहल देखने के लिए निकली थी। रास्ते में उसका प्रेमी मिल गया। उसे अपने साथ ताज दिखाने की कहकर यहां ले आया था। ताजमहल को बंद देखकर उसे धोखा देकर भाग गया।

मामा-मामी अब रखने को तैयार नहीं

चाइल्ड लाइन ने प्रेमिका के मामा-मामी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वह कई बार पहले भी घर से बिना बताए जा चुकी है। इसलिए वह उसे दोबारा अपने साथ रखने काे तैयार नहीं थे। चाइल्ड लाइन लड़की और उसके मामा-मामी दोनों की काउंसिलिंग करेगी। इससे कि वह उसे रखने काे तैयार हो जाएं। वहीं प्रेमिका को भी अब अपनी गलती का अहसास हो चुका है। उसका चाइल्ड लाइन की सदस्यों से कहना था कि वह दोबारा घर नहीं छोड़ेगी।

chat bot
आपका साथी