आगरा में बरातियो से मारपीट और पथराव, दूल्हे माता-पिता घायल

न्यू आगरा के लश्करपुर निवासी जतिन की बरात फाउंड्री नगर में रामगोपाल के घर आई थी। दुल्हन के घर से 100 मीटर दूर बरात चढ़कर जा रही थी। बरात में घुसे अज्ञात युवकों ने किया बवाल। दूल्हे के माता-पिता समेत तीन लोग हुए घायल।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Tue, 23 Nov 2021 03:47 PM (IST) Updated:Tue, 23 Nov 2021 03:47 PM (IST)
आगरा में बरातियो से मारपीट और पथराव, दूल्हे माता-पिता घायल
बरात में घुसे अज्ञात युवकों ने किया बवाल।

आगरा, जागरण संवाददाता। एत्माद्दौला के फाउंड्री नगर इलाके में बरात में घुसे अराजक तत्वों ने बवाल कर दिया। उन्होंंने बरातियों से मारपीट के बाद पथराव कर दिया। जिसमें दूल्हे के माता-पिता समेत तीन लोग घायल हो गए। मामले में पीड़ित पक्ष ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

घटना रविवार की देर रात की है। न्यू आगरा के लश्करपुर निवासी जतिन की बरात फाउंड्री नगर में रामगोपाल के घर आई थी। दुल्हन के घर से 100 मीटर दूर बरात चढ़कर जा रही थी। बराती नाच रहे थे। इसी दौरान बरातियों के बीच में 10 से 15 युवक घुस गए। उन्होंने नाच रहे बरातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। यह देख दूल्हे की मां युवकों को वहां से भगाने का प्रयास किया।

जिस पर युवकों ने दूल्हे की मां पर हमला कर दिया। इसके बाद दूल्हे के पिता को धारदार हथियार से प्रहार करके घायल कर दिया। जिससे बरात में अफरातफरी मच गई। मारपीट करते युवकों को बरातियों ने एकजुट होकर घेराबंदी कर दबोचने का प्रयास किया। युवकों ने बरातियों पर पथराव शुरू कर दिया। जिसमें कई बराती घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर युवक वहां से भाग गए।

बरातियों के सूचना देने पर पुलिस पहुंच गई। उसने हमले में घायल दूल्हे के पिता समेत तीन लोगों काे प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पीड़ितों ने अज्ञात हमलावराें के खिलाफ एत्माद्दौला थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। 

chat bot
आपका साथी