राजा महेंद्र प्रताप के प्रपौत्र ब्रज में बोले, ब्रज की सेवा का राजा साहब का संकल्प आगे बढ़ाना ही लक्ष्य

राजा महेंद्र प्रताप के प्रपौत्र ने राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त ठा. रघुराज सिंह के साथ किए बांकेबिहारी के दर्शन। राजा साहब की 135 वीं जयंती पर मंगलवार को केशीघाट स्थित समाधि स्थल पर होगा हवन। जन्मभूमि मुरसान और सादाबाद में बड़ा कार्यक्रम भी होगा।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 06:20 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 06:20 PM (IST)
राजा महेंद्र प्रताप के प्रपौत्र ब्रज में बोले, ब्रज की सेवा का राजा साहब का संकल्प आगे बढ़ाना ही लक्ष्य
बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करते राजा महेंद्र प्रताप के प्रपौत्र चरत प्रताप और राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त ठा. रघुराज सिंह

आगरा, जागरण टीम। प्रेम धर्म के प्रवर्तक राजा महेंद्र प्रताप के प्रपौत्र कुंवर चरत प्रताप सिंह ने मंगलवार सुबह ठा. बांकेबिहारी महाराज के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। प्रदेश सरकार में श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री ठा. रघुराज प्रताप सिंह के साथ आराध्य का पूजन कर अपने परदादा राजा साहब के लिए भारत रत्न दिलाने की मांग ठा. बांकेबिहारी से की। उन्होंने कहा कि ब्रज की सेवा का राजा साहब का संकल्प आगे बढ़ाना ही लक्ष्य है।

ठा. बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में चरत प्रताप सिंह ने कहा, वे भारत रत्न थे, हैं और रहेंगे। केंद्र सरकार द्वारा राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर तकनीकी विश्वविद्यालय बनाकर उनके महान योगदान का पुन:स्मरण कर सम्मान किया गया है। बताया कि एक दिसंबर को राजा महेंद्र प्रताप की 135 वीं जयंती पर केशीघाट स्थित उनकी समाधि पर श्रद्धांजलि, हवन कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद उनकी जन्मभूमि मुरसान और सादाबाद में बड़ा कार्यक्रम भी होगा। प्रदेश सरकार में श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री ठा. रघुराज प्रताप सिंह ने कहा, आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा 350 से ज्यादा सीटें जीतेगी। प्रधानमंत्री मोदी और सूबे के मुख्यिा योगी वास्तविक योगी हैं। देश-प्रदेश की खुशहाली के लिए ठा. बांकेबिहारी महाराज के श्रीचरणों में प्रार्थना करता हूं। किसानों की नाराजगी पर बोले, किसान नहीं केवल कुछ लोग नाराज हैं। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामढ़ी, समाजसेवी यमुना चौधरी, मनीष सिंह, अजीत चौधरी, डा. जय कुमार, सोनू पंडित, बबिता उपाध्याय मौजूद रहे। ठा. बांकेबिहारी महाराज का पूजन सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने कराया।

chat bot
आपका साथी