श्रीराम का सजा भव्य दरबार, भक्तों ने किए दर्शन

रामलीला कमेटी ने श्रीराम के राज्याभिषेक पर आयोजित की भजन संध्या भजन गायक मनोज शर्मा के भजनों पर झूमते और नाचते रहे श्रद्धालु

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 11:06 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 11:06 PM (IST)
श्रीराम का सजा भव्य दरबार, भक्तों ने किए दर्शन
श्रीराम का सजा भव्य दरबार, भक्तों ने किए दर्शन

आगरा, जागरण संवाददाता। सोमवार को दिनभर शहर बारिश में भीगा तो शाम को प्रभु श्रीराम की जमकर कृपा बरसी। भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के पावन मौके पर रामलीला मैदान स्थित श्रीराम-हनुमान मंदिर अयोध्या धाम बना नजर आया। राम दरबार की झांकी देख श्रद्धालु भक्तिविभोर हो सियाराम की जय-जयकार करते रहे। भजन गायक मनोज शर्मा ने अपने भजनों से भक्ति की ऐसी सरिता बहाई कि हर कोई सराबोर हो उठा।

मौका था सोमवार शाम श्रीराम-हनुमान मंदिर में श्रीराम के राज्याभिषेक के अवसर पर रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित भजन संध्या का। मंदिर में राम दरबार की झांकी सजाई गई। भगवान श्रीराम की बाल लीलाओं से लेकर राजतिलक तक की लीलाओं के चित्र मंदिर में लगाए गए थे। मंदिर में एक तरफ मंच पर सजाई गई राम दरबार की झांकी में श्रीराम, सीताजी, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान जी के स्वरूप राजसी श्रृंगार में विराजमान थे तो दूसरे मंच पर भजन गायक मनोज शर्मा अपने भजनों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर रहे थे। भगवान श्रीराम का राजतिलक केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मेयर नवीन जैन और एडीजी राजीव कृष्ण ने किया और आरती उतारी। अयोध्या करती है आह्वान ठाठ से कर मंदिर निर्माण..

भजन संध्या की शुरुआत गायक कुमार ज्ञानेंद्र ने की। इसके बाद मनोज शर्मा ने अपने भजनों पर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। अयोध्या करती है आह्वान ठाठ से कर मंदिर निर्माण.., राम जी की सेना चली.., राम जी की निकली सवारी.., कान्हा की दीवानी बन जाऊंगी.., कजरारे तेरे मोटे-मोटे नैन.. उन्होंने सुनाए तो श्रद्धालु नृत्य कर उठे। उन्होंने भरत-कैकेयी संवाद, लक्ष्मण शक्ति लीला, शिव तांडव पर भजन सुनाकर माहौल भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन राजीव अग्रवाल, अतुल बंसल, विजय गोयल, संजय तिवारी ने किया। राजसी श्रृंगार में दिए दर्शन

स्वरूपों का राजसी श्रृंगार किया गया था। श्रीराम के स्वरूप में अनुज और सीताजी के स्वरूप में सर्वज्ञ थे। शोभित लक्ष्मण, अमन भरत, मोहित शत्रुघ्न और आनंद हनुमान जी बने। स्वरूपों का श्रृंगार मुकेश अग्रवाल व राकेश अग्रवाल के निर्देशन में राममोहन, राहुल, कन्हैया, अभिषेक व मोहित ने किया। सीता रसोई में ग्रहण की प्रसादी

राज्याभिषेक पर सीता रसोई का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने प्रसादी ग्रहण की। व्यवस्था आनंद मंगल, अंजुल बंसल, विनोद जौहरी, मनोज पौली, राहुल गौतम ने संभाली। यह रहे मौजूद

भगवानदास बंसल, विष्णु दयाल बंसल, प्रवीन गर्ग, मुकेश जौहरी, रामांशु शर्मा, रामआशीष शर्मा, संजय बंसल, विशन माहेश्वरी, मनोज अग्रवाल, अशोक राठी, दिलीप अग्रवाल, कृष्ण मुरारी बल्ले आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी