दहेज के लिए तोड़ा रिश्ता, लड़की ने कर ली खुदकुशी

जगदीशपुरा के श्याम नगर की घटना ईद के बाद होना था निकाह लाकडाउन के चलते लड़़की के स्वजन नहीं रख सके थे मकान गिरवी

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 10:00 PM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 10:00 PM (IST)
दहेज के लिए तोड़ा रिश्ता, लड़की ने कर ली खुदकुशी
दहेज के लिए तोड़ा रिश्ता, लड़की ने कर ली खुदकुशी

आगरा, जागरण संवाददाता। निकाह से पहले लड़के वालों ने दहेज में तीन लाख रुपये मांग लिए। बंदी के चलते रकम का इंतजाम नहीं होने पर लड़के वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। मंगेतर के फोन के बाद लड़की ने कमरे में जाकर पंखे से रस्सी बांध फंदा अपने गले में कस लिया। उसे गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। वहां उसने दम तोड़ दिया। मृतका की मां ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। मगर, महिलाओं के प्रति अपराध को गंभीरता से लेने के अधिकारियों के आदेश के बावजूद पुलिस मुकदमा दर्ज करने में टालमटोल करती रही। कई घंटे बाद मुकदमा दर्ज किया गया।

मामला जगदीशपुरा के श्याम नगर का है। 22 साल की रूबीना की मां समीना के अनुसार उन्होंने बेटी का रिश्ता बोदला इलाके के रहने वाले खैरून से तय किया था। ईद के बाद निकाह होना था। कुछ दिन पहले ही लड़के वालों ने दहेज में तीन लाख रुपये की मांग रख दी। सगाई पर बुलट बाइक देने की मांग करने लगे। बेटी की खुशी के लिए उन्होंने अपना मकान गिरवी रखने का फैसला कर लिया। वह कोशिश में जुटी थीं, मगर कोरोना संक्रमण के कारण बंदी के चलते मकान गिरवी नहीं रखा जा सका। समीना का आरोप है इस पर लड़के वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। चार मई को मंगेतर का उनकी बेटी के पास फोन आया। उसने कहा कि घर वाले रिश्ता करने से मना कर रहे हैं। इसलिए फांसी लगा लो, मैं भी तीन मंजिल से कूद रहा हूं। इस पर उनकी बेटी रूबीना ने कमरे में खुदकुशी कर ली। मंगेतर ने रूबीना के भाई को फोन कर इसकी जानकारी दी। उसे गंभीर हालत में फंदे से नीचे उतारा। एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। वहां बुधवार को सुबह उसने दम तोड़ दिया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने मंगेतर के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी, लेकिन पुलिस कई घंटे तक टालमटोल करती रही। वहीं, मामले में इंस्पेक्टर जगदीशपुरा सुनील कुमार वर्मा का कहना है कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

chat bot
आपका साथी