झूठा है नगर निगम, सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में सुविधाएं नदारद

एक अप्रैल 2021 को निगम सीमा में हो चुका है शामिल यूपीएसआइडीए ने भी नहीं कराया विकास कार्य टूटी पड़ी हैं रोड डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन भी नहीं हो रहा

By JagranEdited By: Publish:Wed, 24 Nov 2021 09:22 PM (IST) Updated:Wed, 24 Nov 2021 09:22 PM (IST)
झूठा है नगर निगम, सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में सुविधाएं नदारद
झूठा है नगर निगम, सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में सुविधाएं नदारद

आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में नगर निगम प्रशासन द्वारा विकास के जो दावे किए थे, वे सभी दावे हवा हवाई साबित हुए हैं। एक अप्रैल 2021 को औद्योगिक क्षेत्र निगम सीमा में शामिल हुआ था लेकिन अभी तक निगम प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र ए, बी और सी में एक रुपये का कार्य नहीं कराया है जबकि यहां के उद्यमियों ने बीस लाख रुपये से अधिक का हाउस टैक्स जमा कराया है। उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीएसआइडीए) ने भी सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया। रोड टूटी पड़ी हैं और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन ठीक से नहीं हो रहा है। नालियों का पानी रोड पर भरा हुआ है।

नगर निगम का 38 साल के बाद सीमा विस्तार हुआ था। सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र सहित दस गांव शामिल हुए थे। शासन के आदेश पर निगम प्रशासन ने सर्वे कर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव तैयार किया था। इस पर 123 करोड़ रुपये खर्च होने थे। निगम सीमा में आने के बाद औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने हाउस टैक्स जमा कराना शुरू कर दिया था। निगम प्रशासन ने जल्द ही रोड निर्माण और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू करने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया है। औद्योगिक क्षेत्र में सुविधाएं न मिलने पर उद्यमियों ने इसकी कई शिकायतें कीं जिन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। - क्षेत्र में रोड टूटी पड़ी हैं। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन ठीक से नहीं हो रहा है। इससे उद्यमी परेशान हैं।

भूपेंद्र सिंह, उद्यमी

- क्षेत्र में जिस तरीके से विकास कार्य होने चाहिए। वे नहीं हुए हैं। सफाई व्यवस्था और भी बेहतर होनी चाहिए।

रजत अस्थाना, उद्यमी

------------------

कूड़े में लगाई आग, उठता रहा धुआं : बुधवार सुबह दस बजे सिकंदरा सब्जी मंडी अंडरपास की सर्विस रोड (सिकंदरा से रुनकता की तरफ) के पास किसी ने कूड़े में आग लगा दी। शाम तक धुआं उठता रहा। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम के अफसरों से की लेकिन निगम द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया।

ये हैं सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं

- सिकंदरा में तीन ब्लाक ए, बी और सी हैं। कुल भूखंड की संख्या 450 है। यूपीएसआइडीए ने 80 फीसद भूखंड की बिक्री कर दी है।

- डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन न होना।

- रोड और गलियों में गड्ढे।

- बदहाल पड़े पार्क।

- नालियों की सफाई न होना।

- सेक्टर ए और सी में नालियां टूट चुकी हैं।

- जल निकासी का समुचित इंतजाम न होना।

- डस्टबिन का ठीक से न रखवाया जाना।

- सीवर लाइन का चोक होना।

- नालों की ठीक से सफाई न होना।

- दिशा-सूचक बोर्ड न लगे होना।

chat bot
आपका साथी