आगरा में आज से मेयर को सीधे बता सकेंगे अपने इलाके की समस्याएं, इस नंबर पर करें फोन
20 सितंबर से शुरू हो रहा मेयर को बोलो कार्यक्रम। तीसरे पहर तीन से चार बजे तक टेलीफोन पर बताई जा सकेंगी समस्याएं। हर सोमवार को फोन पर दर्ज होंगी शिकायतें। अन्य दिनों में समस्याओं के लिए जोनल कार्यालय पर किया जा सकता है संपर्क।
आगरा, जागरण संवाददाता। सफाई हो या फिर जलभराव और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र न बनने की दिक्कत। इन समस्याओं को बताने के लिए नगर निगम जाने की जरूरत नहीं है। एक फोन पर यह समस्याएं सीधे मेयर नवीन जैन को बताई जा सकती हैं। ये सुविधा सोमवार से आरंभ होने जा रही है। मेयर नवीन जैन ने बताया कि फोन पर आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा।
नगर निगम स्थित कार्यकारिणी में मेयर नवीन जैन ने बताया कि प्रत्येक सोमवार को तीसरे पहर तीन से चार बजे तक टेलीफोन पर समस्याएं सुनी जाएंगी। सप्ताह भर के भीतर समस्याओं का निस्तारण होगा। निस्तारण न होने पर संबंधित व्यक्ति को फोन कर निगम कार्यालय बुलाया जाएगा फिर उसकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाकी दिन लोग जोनल कार्यालय में शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। हर दिन शिकायतों की समीक्षा की जाएगी। अपर नगरायुक्त विनोद कुमार, पार्षद मोहन सिंह, अनुराग चतुर्वेदी, शरद चौहान, आशीष पराशर मौजूद रहे।
यह है टेलीफोन नंबर : 0562-2551600
ढाई करोड़ से बनेंगी 41 रोड, टेंडर जारी
एक अक्टूबर से शहर की 41 रोड की मरम्मत शुरू होगी। नगर निगम प्रशासन ने ढाई करोड़ रुपये के टेंडर जारी कर दिए। टेंडर की अवधि सात दिन है। मेयर नवीन जैन ने बताया कि शहरभर की रोड का दूसरे चरण का सर्वे शुरू हो गया है।