आगरा में पुलिस की दबिश से पहले फरार हुए पूर्व मंत्री बशीर, लगे हैं संगीन आरोप

मंटोला थाने में दर्ज तीन तलाक के मामले में आरोपित हैं बशीर। पत्‍नी ने वीडियो वायरल कर लगाए हैं कई संगीन आरोप। उनका कहना है कि पति की छठवीं शादी की जानकारी होने पर वे ससुराल पहुंचीं तो पति चौ. बशीर ने तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 06 Aug 2021 08:55 AM (IST) Updated:Fri, 06 Aug 2021 08:55 AM (IST)
आगरा में पुलिस की दबिश से पहले फरार हुए पूर्व मंत्री बशीर, लगे हैं संगीन आरोप
पूर्व मंत्री चौधरी बशीर घर पर दबिश से पहले ही फरार हो गए। फाइल फोटो

आगरा, जागरण संवाददाता। अक्‍सर विवादों में रहने वाले पूर्व मंत्री चौधरी बशीर एक और नए विवाद में फंसे हैं। उनकी नई पत्‍नी ने कई संगीन आरोप लगाए हैं। इनमें से एक ये भी है कि चौधरी बशीर, हिंदू युवतियों का धर्मांतरण कर शादी रचाते हैं और शारीरिक शोषण करने के बाद उसे छोड़ देते हैं। साथ ही अपने चुनावी फायदे के लिए वे युवतियों को निशाना बनाते हैं। पत्‍नी के आरोप के बाद जब पुलिस चौधरी बशीर के घर दबिश देने पहुंची, तो उससे पहले ही वे अपने घर से फरार हो चुके थे।

तीन तलाक का केस दर्ज होने के बाद पूर्व मंत्री चौधरी बशीर घर से फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी को दबिश दे रही है। उधर, पत्नी नगमा ने वीडियो वायरल कर पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले में कार्रवाई की मांग की है।

मंटोला थाने में नगमा ने चौ. बशीर के खिलाफ तीन तलाक का केस दर्ज कराया है। उनका कहना है कि तीन वर्ष से वे मायके में रह रही हैं। पति की छठवीं शादी की जानकारी होने पर वे ससुराल पहुंचीं तो पति चौ. बशीर ने तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। इसके बाद ही उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया है। नगमा का आरोप है कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। गुरुवार को उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर पुलिस पर यह आरोप लगाए। साथ ही अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। नगमा ने कहा है कि वह हार नहीं मानेंगी। आरोपित पूर्व मंत्री को सजा दिलाकर ही रहेंगी। नगमा का यह भी आरोप है कि दबाव बनाने को आरोपित चौ. बशीर भी वीडियो वायरल कर रहे हैं। इसके बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। इंस्पेक्टर मंटोला विनोद कुमार का कहना है कि चौधरी बशीर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई थी। मगर, वह घर से फरार हो गए हैं। रिश्तेदारों से उनके बारे में जानकारी की जा रही है। पुलिस टीम गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

chat bot
आपका साथी