सरकारी कार्यालयों में कोविड प्रोटोकाल की रस्म अदायगी

हेल्प डेस्क खुली लेकिन बिना मास्क के रहते हैं कर्मचारी नगर निगम और एडीए को छोड़ अन्य कहीं पर नहीं हो रही थर्मल स्क्रीनिग

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 12:05 AM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 12:05 AM (IST)
सरकारी कार्यालयों में कोविड प्रोटोकाल की रस्म अदायगी
सरकारी कार्यालयों में कोविड प्रोटोकाल की रस्म अदायगी

आगरा, जागरण संवाददाता । भले ही प्रदेश सरकार कोविड प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करने पर जोर दे रही हो, लेकिन सरकारी कार्यालयों में महज रस्म अदायगी ही की जा रही है। कई कार्यालय तो ऐसे हैं जहां हेल्प डेस्क नहीं बनी है, तो कुछ में थर्मल स्क्रीनिग नहीं की जा रही है। न ही सैनिटाइजर की व्यवस्था है। जागरण की टीम ने बुधवार को कई कार्यालयों की पड़ताल की, जिसमें अफसरों की लापरवाही खुलकर सामने आ गई। कार्यालय परिसर में कर्मचारी और फरियादी बिना मास्क के घूमते मिले। दो गज की शारीरिक दूरी का भी पालन होना नजर नहीं आया।

मंडलायुक्त कार्यालय : सुबह साढ़े दस बजे कार्यालय गेट पर चार सिपाही तैनात थे। थर्मल स्क्रीनिग की जा रही थी, लेकिन अलग से कोई हेल्प डेस्क नहीं थी। यहां तक बिना मास्क के लोगों को प्रवेश दिया जा रहा था। कार्यालय परिसर में भी कुछ यही हाल था। कलक्ट्रेट : सुबह 11 बजे मुख्य गेट पर न तो थर्मल स्क्रीनिग हो रही थी और न ही मास्क की जांच। बड़ी संख्या में लोग बिना मास्क के घूम रहे थे। जिला निर्वाचन कार्यालय के सामने स्थित संयुक्त कार्यालय में सैनिटाइजर की मशीन खराब पड़ी थी। परिसर में हेल्प डेस्क खुली है। सभी प्रशासनिक अफसरों के कक्ष में बिना मास्क के प्रवेश नहीं करने दिया जाता है, लेकिन पूरे कलक्ट्रेट में जिस तरीके से दो गज की शारीरिक दूरी का पालन होना चाहिए, वह नहीं हो रहा था। आगरा विकास प्राधिकरण कार्यालय (एडीए) : दोपहर साढ़े 12 बजे गेट नंबर एक पर पांच कर्मचारी तैनात थे। थर्मल स्क्रीनिग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा था। हालांकि दो कर्मचारी ऐसे थे जो ठीक तरीके से मास्क नहीं पहने हुए थे। कार्यालय परिसर में बिना मास्क के लोग घूम रहे थे। कार्यालय में सैनिटाइजेशन मशीन नहीं लगी है। नगर निगम : दोपहर दो बजे दोनों मुख्य गेटों पर कोई इंतजाम नहीं था। एक ही उप मुख्य गेट से प्रवेश दिया जा रहा था। थर्मल स्क्रीनिग और बिना मास्क के किसी को भी प्रवेश नहीं मिल रहा था। सैनिटाइजर मशीन लगी थी। कार्यालय परिसर में 80 फीसद कर्मचारी मास्क पहने हुए थे। हालांकि कुछ पार्षद बिना मास्क के घूम रहे थे। जल संस्थान कार्यालय : तीसरे पहर 3.15 बजे गेट पर कोविड प्रोटोकाल को लेकर कोई इंतजाम नहीं था। लोग बिना मास्क के प्रवेश कर रहे थे। यहां तक कार्यालय परिसर में दो गज की शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा था।

विभागाध्यक्ष हैं जिम्मेदार

डीएम प्रभु एन सिंह का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में कोविड प्रोटोकाल का अनिवार्य रूप से पालन होना चाहिए। यह जिम्मेदारी विभागाध्यक्ष की है। दो गज की शारीरिक दूरी का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए कहा गया है।

chat bot
आपका साथी