Alert in Mathura: छह दिसंबर, मथुरा में चप्पे-चप्पे पर पहरा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिरासत में, हिंदू संगठनों ने किया था कूच का ऐलान

अयोध्‍या में विवादित ढांचा विध्‍वंस की बरसी पर इस बार हिंदू संगठनों ने मथुरा कूच का ऐलान किया था। हालांकि सभी संगठनों ने ये आह्वान वापस ले लिया है लेकिन फिर भी पुलिस सतर्क है। श्री कृष्‍ण जन्‍मभूमि और शाही मस्जिद ईदगाह को जाने वाले रास्‍तों पर फोर्स तैनात है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 09:27 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 09:27 AM (IST)
Alert in Mathura: छह दिसंबर, मथुरा में चप्पे-चप्पे पर पहरा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिरासत में, हिंदू संगठनों ने किया था कूच का ऐलान
मथुरा में श्रीकृष्‍ण जन्‍मभूमि और शाही मस्जिद ईदगाह को जाने वाले मार्ग पर बैरियर लगा दिए हैं।

आगरा, जागरण टीम। छह दिसंबर को लेकर पूरे मथुरा शहर में पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही मस्जिद ईदगाह की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर दी गई है। सोमवार को दोनों धार्मिक स्थलों के सर्किल में वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। दोनों स्थलों पर अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हालांकि इन रास्तों पर पैदल जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। सीएम का पुतला फूंकने का एलान करने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उधर एलआइयू टीम भी सक्रिय है।

कई हिंदू संगठनों ने छह दिसंबर को शाही मस्जिद ईदगाह में जलाभिषेक करने और पदयात्रा करने का एलान कर माहौल गर्मा दिया था। पुलिस प्रशासन की सख्ती के बाद सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए। लेकिन पुलिस प्रशासन फिर भी अलर्ट है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही मस्जिद ईदगाह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

सुबह सात बजे से ही सुपर जोन और जोन अधिकारी भ्रमण पर निकले और एक-एक ड्यूटी प्वाइंट को चेक किया। सभी पुलिसकर्मियों को सुरक्षा के उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया, दोनों धार्मिक स्थल के सर्किल के सभी रास्तों पर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। भूतेश्वर से मसानी, डीग गेट से चौक बाजार, भरतपुर गेट, गणेशरा कट से पोतरा कुंड और गोविंद नगर की तरफ किसी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। एसपी सिटी ने बताया, पैदल जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। यातायात व्यवस्था में भी संशोधन किया गया है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंकने के एलान पर पुलिस ने सुबह ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा को हिरासत में ले लिया। उन्हें सदर थाना में रखा गया है। पुलिस की चौकसी को देख सुबह दोनों धर्म स्थलों के आसपास की दुकानें भी नहीं खुलीं।

chat bot
आपका साथी