चीनी पर्यटक उड़ा रहा था ताजमहल पर ड्रोन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही चला गया

- ताजनगरी फेस टू स्थित होम स्टे से दो दिन उड़ाया था ड्रोन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही चीन के दो युवक कर गए चेक आउट

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Jan 2019 07:30 AM (IST) Updated:Sat, 19 Jan 2019 07:30 AM (IST)
चीनी पर्यटक उड़ा रहा था ताजमहल पर ड्रोन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही चला गया
चीनी पर्यटक उड़ा रहा था ताजमहल पर ड्रोन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही चला गया

आगरा, जागरण संवाददाता। दो दिन से ताजमहल पर ड्रोन उड़ाकर सनसनी फैलाने वाला चीन का पर्यटक था। पुलिस का दावा है कि होम स्टे की छत से वह ड्रोन उड़ा रहा था। शुक्रवार को पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह चेक आउट कर गया। अब पुलिस होम स्टे संचालक के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

ताजमहल पर बुधवार और गुरुवार को उच्च तकनीकीयुक्त ड्रोन उड़ा था। ड्रोन उड़ाने वाले की तलाश के लिए पुलिस प्रशासन होटलों और गेस्टहाउस को खंगाल रहा था। इसी बीच शुक्रवार को ताजनगरी फेस टू स्थित अमन होम स्टे की छत से ड्रोन उड़ाने की जानकारी हुई। पुलिस को होम स्टे संचालक ने बताया कि दो दिन से उनके यहां दो चीन के दो युवक ठहरे थे। वही छत से ड्रोन उड़ाकर ताजमहल के अलग-अलग एंगल से फोटो ले रहे थे। ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित है, इसकी न तो होम स्टे संचालक को जानकारी थी और न ही पर्यटक को। होम स्टे संचालक ने बताया कि चीन के पर्यटकों ने यहां से पहले राजस्थान के कई किलों की ड्रोन से एरियल फोटोग्राफी की है। शुक्रवार को वह यहां से चेकआउट कर चले गए। पुलिस अब चीनी पर्यटकों से संपर्क के प्रयास कर रही है। सीओ ताज सुरक्षा मोहसिन खान ने बताया कि इस मामले में होम स्टे संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

चीनी पर्यटक ने क्यों उड़ाया ड्रोन?

चीन के पर्यटकों ने ताज पर दो दिन लगातार ड्रोन उड़ाकर विभिन्न एंगल से फोटो लिए। पुलिस का कहना है कि उन्होंने अज्ञानता में ऐसा किया था। मगर, सवाल यह है कि चीनी पर्यटकों से बात किए बिना पुलिस को उनकी मंशा कैसे पता चल गई?

रूफटॉप ड्यूटी पर रही पुलिस

दो दिन ताजमहल पर ड्रोन उड़ाए जाने के बाद शुक्रवार को ताजमहल के आसपास पुलिस की रूफ टॉप ड्यूटी लगाई गई। सुबह से शाम तक पुलिसकर्मी छतों पर बैठकर आसमान की ओर देखते रहे। उन्हें ताज पर ड्रोन उड़ने पर उसकी दिशा पता करने के लिए बैठाया गया था।

chat bot
आपका साथी