आगरा में गुरुद्वारा गुरु के ताल पर देर रात सोते लोगों पर चढ़ा कंटेनर, 6 ने तोड़ा दम

गुरुद्वारा गुरु के ताल और रेनबो हॉस्पिटल के बीच रात ढाई बजे हुई दुर्घटना। दो लोगों की हालत भी गंभीर।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Wed, 08 Jul 2020 08:52 AM (IST) Updated:Wed, 08 Jul 2020 05:44 PM (IST)
आगरा में गुरुद्वारा गुरु के ताल पर देर रात सोते लोगों पर चढ़ा कंटेनर, 6 ने तोड़ा दम
आगरा में गुरुद्वारा गुरु के ताल पर देर रात सोते लोगों पर चढ़ा कंटेनर, 6 ने तोड़ा दम

आगरा, जागरण संवाददाता।  सिकंदरा क्षेत्र में हाईवे पर मंगलवार देर रात भीषण हादसा हुआ। आगरा से मथुरा की ओर जा रहा कंटेनर गुरू का ताल गुरुद्वारा कट से आगे निकलते ही अनियंत्रित हो गया। इसके बाद कंटेनर शू शॉप के सामने सो रहे सात लोगों के ऊपर चढ़ गया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। जबकि एक अभी गंभीर हालत में एसएन इमरजेंसी में भर्ती है। पुलिस ने पीछा करके कंटेनर को जब्त कर लिया। चालक- क्लीनर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

मैनपुरी के किशनी क्षेत्र के डांडिया गांव निवासी चालक मुनेश और क्लीनर सिंटू खाली कंटेनर लेकर मैनपुरी से गुरुग्राम को निकले थे। रात ढाई बजे कंटेनर लेकर वे ट्रांसपोर्ट नगर की ओर से मथुरा की ओर जा रहे थे। गुरु का ताल गुरुद्वारा कट को पार करते ही हल्की सी मोड़ है। इस मोड़ पर यह ट्रक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद हाईवे से करीब दस फीट बायीं ओर चला गया। हाईवे किनारे बने ढंके हुए नाले के ऊपर चढ़ने के बाद कंटेनर करीब 25 फीट आगे चला और बायीं ओर चला गया। यहां शू शॉप के सामने सात लोग सो रहे थे। इनको कंटेनर ने रौंद दिया। इसके बाद भी चालक नहीं रुका। कंटेनर को हाईवे की ओर मोड़कर वह तेज गति से सिकंदरा की आेर भाग गया। गुरु का ताल गुरुद्वारा के सामने चीता मोबाइल के सिपाही खड़े थे। उन्होंने कंटेनर का पीछा किया और वायरलेस पर मैसेज कर दिया। सिकंदरा चौराहे पर पुलिस ने कंटेनर को रोक लिया और चालक-क्लीनर गिरफ्तार कर लिए। पांच मिनट में ही थाने का पुलिस फोर्स वहां पहुंच गया। लहूलुहान पड़े लोगों को वहां से अपनी गाड़ियों में ही डालकर एसएन इमरजेंसी पहुंचाया। इनमें से पांच की सांस मौके पर ही थम चुकी थी। इन्हें इमरजेंसी से सीधे पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। दो घायलों को वहां भर्ती कर लिया। घायलों में से शाहगंज के भोगीपुरा निवासी सुनील की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल जगदीशपुरा के गढ़ी भदौरिया निवासी नितिन शर्मा का अभी इमरजेंसी में उपचार चल रहा है। उसकी भी हालत गंभीर है। पांच मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। दुर्घटनास्थल पर ही दो अन्य युवक भी सो रहे थे। इनमें से एक हादसे का शिकार हुए लोगों से महज एक फुट अंदर की ओर था। वह बच गया। जबकि दूसरा हादसे से दो मिनट पहले ही शौच के लिए चला गया और बच गया। इंस्पेक्टर सिकंदरा अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि हादसे का शिकार हुए लोग गुरुद्वारे में खाना खाने के बाद दुकानों के सामने सो जाते थे। ये स्थानीय ही बताए जा रहे हैं। सभी की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रक चालक और क्लीनर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी