आगरा में मोबाइल लुटेरों के गैंग का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
ताजगंज पुलिस ने लूटे गए सात माेबाइल किए बरामद। रकाबगंज क्षेत्र में लारेंस होटल के सामने एक व्यक्ति से मोबाइल लूटा था। अन्य मोबाइल शहर में अलग-अलग स्थानों से लूटे गए थे। शातिर इनके बारे में जानकारी नहीं दे सके।
आगरा, जागरण संवाददाता। शहर में मोबाइल लूटने वाला गैंग सक्रिय था। बाइक से चलने वाले ये लुटेरे झपट्टा मारकर मोबाइल लूट लेते थे। पुलिस ने गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर पर्दाफाश कर दिया। शातिरों द्वारा लूटे गए सात मोबाइल बरामद हुए हैं।
ताजगंज क्षेत्र में जोनल पार्क के पास से पुलिस ने सोमवार रात को पांच शातिरों को गिरफ्तार किया है। इनमें बालूगंज निवासी अमन खान, विशाल, गोबर चौकी निवासी सुमित और अनिल व ताजगंज के मुकुंद विहार कालोनी निवासी रघुराम शामिल है। इंस्पेक्टर ताजगंज उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार शातिरों से सात मोबाइल, दो बाइक बरामद हुई हैं। उन्होंने बताया कि अमन और सुमित बाइक पर आगरा व आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल लूट करते थे। विशाल और अनिल बाइक लेकर कुछ दूरी पर खड़े रहते थे। जरूरत पड़ने पर वे अमन और सुमित की मदद करते थे। वहीं रघुराम लूटे गए मोबाइल को बिकवाने में मदद करता था। शातिरों ने पूछताछ में बताया है कि बरामद माेबाइल में से एक उन्होंने 19 जून को बसई सब्जी मंडी के पास से लूटा था। रकाबगंज क्षेत्र में लारेंस होटल के सामने एक व्यक्ति से मोबाइल लूटा था। अन्य मोबाइल शहर में अलग-अलग स्थानों से लूटे गए थे। शातिर इनके बारे में जानकारी नहीं दे सके।