Senior Women Trophy: सीनियर वूमेंस ट्राफी में खेलेंगी राशि, तनु, पूजा, अंजलि और क्षमा

Senior Women Trophy बीसीसीआइ द्वारा आयोजित सीनियर वूमेंस ट्राफी में खेलेंगी आगरा की पांच बेटियां। उप्र की टीम में हुआ है राशि तनु अंजलि और पूजा का चयन। रेलवे का प्रतिनिधित्व करेंगी क्षमा। पहली बार प्रदेश की सीनियर टीम में चुनी गई हैं पूजा।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Fri, 05 Mar 2021 01:45 PM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 01:45 PM (IST)
Senior Women Trophy: सीनियर वूमेंस ट्राफी में खेलेंगी राशि, तनु, पूजा, अंजलि और क्षमा
उप्र की टीम में हुआ है राशि, तनु, अंजलि और पूजा का चयन।

आगरा, जागरण संवाददाता। दुनिया के सातवें अजूबे ताजमहल के लिए प्रसिद्ध ताजनगरी अब महिला क्रिकेट की नर्सरी बन गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) द्वारा आयोजित की जा रही सीनियर वूमेंस ट्राफी में आगरा की पांच बेटियां खेलेंगे। इनमें से चार खिलाड़ी उप्र और एक रेलवे का प्रतिनिधत्व करेगी।

सीनियर वूमेंस ट्राफी के लिए हाल ही में उप्र और रेलवे द्वारा टीमों की घोषणा की गई है। उप्र की टीम में आगरा की राशि कनौजिया, तनु काला, पूजा राजपूत और अंजलि सिंह शामिल हैं। वहीं, रेलवे की टीम में क्षमा सिंह को जगह मिली है। पूजा राजपूत का चयन पहली बार सीनियर टीम में हुआ है, जबकि अन्य खिलाड़ियों के लिए यह दूसरा मौका है। पूनम यादव और दीप्ति शर्मा के शानदार प्रदर्शन और भारतीय टीम का नियमित सदस्य बनने से उन्हें देखकर महिला क्रिकेट के प्रति शहर में रुझान निरंतर बढ़ रहा है। क्रिकेट कोच मनोज कुशवाहा ने बताया कि दीप्ति और पूनम से युवा खिलाड़ी काफी प्रभावित हैं। उनकी सफलता से प्रभावित होकर महिला क्रिकेट के प्रति शहर में रुझान काफी बढ़ा है।

राशि कनौजिया

राशि आर्थोडाक्स लेफ्ट आर्म स्पिनर हैं। वर्ष 2020 में उप्र की अंडर-23 टीम की कप्तान रहीं। पिछले वर्ष श्रीलंका के दौरे पर भारत-ए टीम की ओर से बेहतर प्रदर्शन किया।

तनु काला

तनु काला आलराउंडर हैं। वर्ष 2020 में रेलवे की अंडर-23 टीम की सदस्य थीं। रेलवे में डीआरएम आफिस में कार्यरत हैं।

पूजा राजपूत

पूजा आलराउंडर हैं। उप्र अंडर-19 टीम की सदस्य रह चुकी हैं। पहली बार उप्र की टीम में चयन हुआ है।

अंजलि सिंह

अंजलि सिंह आलराउंडर हैं। वर्ष 2020 में इंडिया चैलेंजर ट्राफी में इंडिया ब्लू की ओर से खेलीं। उप्र की सीनियर टीम की सदस्य बनीं।

क्षमा सिंह

आलराउंडर क्षमा सिंह रेलवे में तैनात हैं। वर्ष 2020 में श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ भारत का प्रतिनिधित्व किया। 

chat bot
आपका साथी