आतिशबाजी से 18 स्थानों पर लगी आग, दौड़ती रहीं दमकल

-ताजगंज में टायर गोदाम में लगी भीषण आग चार घंटे में आई काबू -शांति सिनेमा के कबाड़ गोदाम में शार्ट सर्किट से लगी आग

By JagranEdited By: Publish:Tue, 29 Oct 2019 07:00 AM (IST) Updated:Wed, 30 Oct 2019 06:22 AM (IST)
आतिशबाजी से 18 स्थानों पर लगी आग, दौड़ती रहीं दमकल
आतिशबाजी से 18 स्थानों पर लगी आग, दौड़ती रहीं दमकल

आगरा, जागरण संवाददाता। दीपावली पर आतिशबाजी और शार्ट सर्किट की चिंगारी से गोदाम एवं टॉकीज के कबाड़ गोदाम समेत 18 जगहों पर अग्निकांड हुए। सुबह से अगले दिन दोपहर तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां इधर से उधर दौड़ती रहीं।

गोबर चौकी के अमिता नगर निवासी विजय कुमार राठौड़ का कहरई मोड़ पर रश्मि विहार में पुराने टायरों का गोदाम है। रविवार की रात 10:45 बजे आतिशबाजी की चिंगारी से गोदाम में आग लग गई। आसपास रहने वालों ने आग को बुझाने की कोशिश की, तब तक लपटें विकराल रूप ले चुकी थीं। उन्होंने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। परिसर में मौजूद दो श्वान की जलकर मौत हो गई। गहरी नींद में सोते चौकीदार को लोगों ने जगा करके समय रहते बाहर निकाल लिया।

विकराल लपटों से गोदाम के आसपास बने मकानों रहने वाले लोग दहशत के चलते बाहर निकल आए। मौके पर पहुंची दमकल की आधा दर्जन गाडि़यों ने आग को चार घंटे की कोशिश के बाद पूरी तरह काबू किया। तब तक वहां रखा लोडिंग टेंपो समेत सारे टायर खाक हो चुके थे। गोदाम मालिक विजय कुमार के अनुसार अग्निकांड 12 लाख रुपये से अधिक का माल खाक हो गया। वहीं, विजय के रिश्तेदार गोबर चौकी निवासी मुकेश के यहां प्लास्टिक गोदाम में आग लग गई। जिसे लोगों ने समय रहते बुझा लिया गया।

उधर, रविवार की रात साढे़ नौ बजे शांति सिनेमा परिसर स्थित गोदाम में आग लग गई। परिसर में पीछे बने गोदाम में टॉकीज की पुरानी कुर्सियों को रखा गया है। यहां पर ब्लोअर लगा हुआ है। उसमें शार्ट सर्किट से कुर्सियों में आग लग गई। टॉकीज में उस समय रात नौ से 12 बजे का शो चल रहा था। एक दर्जन दर्शक फिल्म देख रहे थे। टॉकीज के पीछे रहने वाले लोगों ने ऑपरेटर टीटू अग्रवाल को घटना की जानकारी दी। इस पर लाइन को तत्काल काटकर टॉकीज में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग को समय रहते काबू कर लिया। अग्निकांड के चलते फिल्म देख रहे दर्शक बाहर निकल आए। इन स्थानों पर लगी आग

दीपावली पर आतिशबाजी, शार्ट सर्किट और गैस सिलेंडर में लीकेज से आग की घटनाएं हुई। फायर कंट्रोल रूम में इन स्थानों पर अग्निकांड की आई सूचनाएं, दौड़ती रहीं दमकल

-5:42 बजे सुबह: नाई की मंडी के मोहल्ला कटरा इटौरा में शफी के घर की छत पर रखे कबाड़ में आग लगी।

-12:05 बजे दोपहर: डौकी के गांव दागपुर में खेत में रखी करब में आग।

-1:48 बजे दोपहर: जीवनी मंडी ट्रांसपोर्टर योगेश कुमार के गोदाम में आग।

-5:35 बजे शाम: लोहामंडी के राज नगर में संतोष शर्मा के घर में सिलेंडर में लीकेज से आग।

-8:20 बजे रात: सिकंदरा की चौपाल गली में सिलेंडर में लीकेज से आग।

8:21 बजे रात: जगनेर के गांव कछपुरा में शार्ट सर्किट से बिजली के तारों में आग की सूचना धर्मेद्र नामक युवक ने दी। मगर, कुछ ही देर में आग बुझा ली गई।

-8:30 बजे रात: रघुनाथ टॉकीज के पास खटीकपाड़ा में फर्नीचर की दुकान में आग लगी।

-8:45 बजे रात: जगदीशपुरा में मकान में सिलिंडर में लीकेज से आग।

-9:30 बजे रात: शांति सिनेमा के गोदाम में शार्ट सर्किट से आग।

-10:08 बजे रात: केंद्रीय हिदी संस्थान मार्ग पर शीतला मंदिर के पास एक दुकान की छत पर रखे कबाड़ में आग।

-10:35 बजे रात: एत्मादपुर के चौगान गांव में पेड़ में आग।

-10:52 बजे: कहरई मोड़ पर रश्मि विहार में टायरों के गोदाम में भीषण आग।

11:20 बजे रात: बल्केश्वर में नंद अस्पताल के पास कूड़े के ढेर में आग।

-11:50 बजे रात: बाग फरजाना में नवल किशोर अस्पताल के पास फोटो स्टेट की दुकान में आग।

-12:05 बजे रात: म गल रोड पर एक दुकान में आग।

-12:37 बजे रात: लंगड़े की चौकी पर एक मकान की छत पर रखे कबाड़ में आग।

12:42 बजे रात: नगला छिद्दा में कूड़े के ढेर में आग।

chat bot
आपका साथी