कोठी में बने गोदाम में शार्ट सर्किट से लगी आग, एक युवक की मौत

न्यू आगरा के निर्भय नगर की घटना आग बुझाने के दौरान हादसा बारिश के चलते करंट की चपेट में आए चार लोग

By JagranEdited By: Publish:Mon, 12 Jul 2021 05:05 AM (IST) Updated:Mon, 12 Jul 2021 05:05 AM (IST)
कोठी में बने गोदाम में शार्ट सर्किट से लगी आग, एक युवक की मौत
कोठी में बने गोदाम में शार्ट सर्किट से लगी आग, एक युवक की मौत

आगरा, जागरण संवाददाता। न्यू आगरा के निर्भय नगर में असोपा अस्पताल तिराहे के पास एक कोठी में रविवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। कोठी में प्राक्टर एंड गैंबल कंपनी का गोदाम था। अंदर से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। गोदाम के कर्मचारी और आसपास के लोग आग बुझाने वहां पहुंच गए। इसी दौरान बिजली का तार टूटकर गिरने से करंट फैल गया। इसकी चपेट में चार लोग आ गए, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। तीन की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

घटना रविवार की शाम करीब साढ़े चार बजे की है। इंस्पेक्टर न्यू आगरा भूपेंद्र बालियान ने बताया कि चंडीगढ़ के रहने वाले अक्षय वर्मा प्राक्टर एंड गैंबल कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर हैं। निर्भय नगर में असोपा तिराहे पर दो मंजिला कोठी में उनका गोदाम है। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के चलते गोदाम बंद था। आसपास के लोगों ने कोठी से धुआं और लपटें निकलती देखीं। कोठी के आसपास बाजार होने के चलते अफरातफरी मच गई। इलाके के लोग वहां जुट गए। लोगों ने अपने स्तर से आग को काबू करने का प्रयास शुरू कर दिया। फायर ब्रिगेड को भी घटना की जानकारी दे दी। मथुरा निवासी संजय गोदाम का कर्मचारी बताया गया है। वह कृष्णकांत, गौरव और सोहेल के साथ गोदाम पर पहुंच गया। चारों ने आसपास के लोगों के साथ मिलकर आग को काबू करने का प्रयास तेज कर दिए।

आग को बुझाने के लिए पानी डाला जा रहा था। बताया जाता है कि बिजली का तार टूटकर गिर गया था। इससे वहां करंट फैल गया। संजय के अलावा गौरव, कृष्णकांत और सोहेल को करंट लग गया। लोग चोरों को अस्पताल लेकर भागे। संजय ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया बाकि, तीनों की हालत खतरे से बाहर है। वह अपने घर चले गए। करंट फैलने पर टोरंट को सूचना देकर इलाके का शटडाउन कराया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने आग पर काबू किया। तब तक वहां रखा काफी सामान जल चुका था। शैंपू से हुई फिसलन

आग में वाशिग पाउडर और शैंपू के पैकेट जल गए थे। दोनों फर्श पर फैल गए। इससे फर्श पर फिसलन हो गई। जिससे आग बुझाने के दौरान कई लोग फिसलकर गिर पड़े। फायर ब्रिगेड को भी फिसलन के चलते आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अग्निकांड से गोदाम में रखा काफी सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस के अनुसार आग शार्ट सर्किट से लगना बताई गई है।

chat bot
आपका साथी