Agra Lockdown Update Day 6: आग बुझाना छोड़ अब दमकलें लगीं दूसरे काम में, रात भर जुटी रहीं

दमकलों ने रात भर में 50 बसों काे किया सेनेटाइज। ईदगाह बस स्टैंड आइएसबीटी छलेसर में आधी रात तक चला अभियान। घर लौटने को जुटी भीड़ को संक्रमण की बचाने की जद्दोजहद।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 30 Mar 2020 12:56 PM (IST) Updated:Mon, 30 Mar 2020 07:42 PM (IST)
Agra Lockdown Update Day 6: आग बुझाना छोड़ अब दमकलें लगीं दूसरे काम में, रात भर जुटी रहीं
Agra Lockdown Update Day 6: आग बुझाना छोड़ अब दमकलें लगीं दूसरे काम में, रात भर जुटी रहीं

आगरा, जागरण संवाददाता। जब देश पर मुश्किल वक्‍त हो तो दूसरी जिम्‍मेदारियां भी निभानी पड़ती हैं। ऐसा ही आग बुझाने वाले दस्‍ते के साथ हो रहा है। आग बुझाना छोड़कर अब फायर ब्रिगेड सेनेटाइज करने के काम में जुटी है। फायर ब्रिगेड की दमकलों ने रविवार की आधी रात को बस स्टैंड और बसों को सेनेटाइज करने का अभियान चलाया। इस दौरान तीनों स्थानों पर दमकलों ने 50 से ज्यादा बसों को सेनेटाइज किया। इसके साथ ही आसपास के इलाकों को भी सेनेटाइज किया गया।

दिल्ली एनसीआर से अपने घरों को हजारों लोग पैदल ही लौट रहे हैं। वह राष्ट्रीय राजमार्ग समेत अन्य रास्तों से होते हुए आगरा पहुंच रहे हैं। इन लोगों को सरकार द्वारा वाहनों से भेजने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए अंतरराज्यीय बस अड्डा (आइएसबीटी), ईदगाह बस स्टैंड और छलेसर पर बाहर से आने वाले लाेगों को ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। इन जगहों पर भारी भीड़ जुटने के चलते कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने की भी आशंका है।

इसके चलते रविवार की रात दोनों बस स्टैंड और छलेसर पुल के पास वाहनों के खड़े होने वाली जगह को सेनेटाइज करने के निर्देश एसएसपी बबलू कुमार ने फायर ब्रिगेड को दिए थे। आइएसबीटी पर ढाई हजार लीटर की क्षमता वाली जबकि ईदगाह और छलेसर पर 500-500 लीटर की क्षमता वाली दमकलों को सेनेटाइजेशन के लिए लगाया गया था। फायर ब्रिगेड ने तीनों जगहों पर 50 से ज्यादा बसों को सेनेटाइज किया। इसके अलावा बस स्टैंड परिसर और उसके आसपास एंटी लार्वा का छिड़काव किया। फायर ब्रिगेड के एक दर्जन कर्मचारियों ने इस अभियान काे चलाया।

आज हो गई भीड़ कुछ कम

सोमवार दोपहर आते-आते दिल्‍ली से आने वाले यात्रियों की संख्‍या में गिरावट आ गई है। अब बहुत कम लोग रह गए हैं। इसको देखते हुए आइएसबीटी से बसों का संचालन बंद करा दिया है। इसके चलते आगरा आइएसबीटी पर सन्‍नाटा पसरा पड़ा है। बसें शेड में खड़ी करा दी गई हैं। अब जो लोग आ रहे हैं, उनके लिए पुलिसकर्मियों ने ट्रकों और मेटाडोर का इंतजाम कर रखा है। एक मेटाडोर भरने के साथ ही उसे रवाना किया जा रहा है। माना यह जा रहा है कि आज शाम तक दिल्‍ली से आने वालों की संख्‍या में बहुत तेज गिरावट आएगी।

एत्‍मादपुर पर सीमा ब्‍लॉक

केंद्र सरकार के राज्‍यों की सीमाओं को प्रभावी रूप से लॉक करने के आदेश के बाद एत्‍मादपुर पर सीमा ब्‍लॉक कर दी गई है। हमारे फीरोजाबाद कार्यालय के अनुसार हजारों यात्री यहां फंसे हैं। जिन्‍हें पूर्वी उत्‍तर प्रदेश या बिहार जाना है। बसें भी यहां खड़ी हो गई हैं। अधिकारी अपने स्‍तर से कोई निर्णय ले पाने में सक्षम नहीं हैं। उधर स्‍थानीय नागरिकों ने इन फंसे हुए लोगों के लिए भोजन-पानी का प्रबंध करना शुरू कर दिया है।

chat bot
आपका साथी