Gram Panchayat Chunav: खत्म नहीं हुई जीत− हार की रंजिश, अब आगरा में वर्तमान और पूर्व प्रधान में मारपीट और फायरिंग

Gram Panchayat Chunav ताजगंज में वर्तमान और पूर्व प्रधान में मारपीट पथराव। कौलक्खा की घटना चुनाव में जीत-हार को लेकर हुआ था विवाद। फायरिंग की सूचना पर दौड़ी पुलिस दोनों को हिरासत में लिया। पुलिस की ओर से दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Wed, 12 May 2021 12:45 PM (IST) Updated:Wed, 12 May 2021 12:45 PM (IST)
Gram Panchayat Chunav: खत्म नहीं हुई जीत− हार की रंजिश, अब आगरा में वर्तमान और पूर्व प्रधान में मारपीट और फायरिंग
कौलक्खा की घटना, चुनाव में जीत-हार को लेकर हुआ था विवाद।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज के कौलक्खा गांव में प्रधानी के चुनाव की रंजिश को लेकर मंगलवार की शाम को वर्तमान और पूर्व प्रधान के समर्थकों में विवाद हो गया। दोनों ओर से मारपीट और पथराव से अफरातफरी मच गई। इस बीच कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। जानकारी होने पर फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने वर्तमान और पूर्व प्रधान को पकड़ लिया। पुलिस ने फायरिंग की घटना से इंकार किया है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रही है।

इंस्पेक्टर उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि कौलक्खा में सुनहरी गांव के प्रधान थे। इस बार भी वह प्रधान और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़े, लेकिन हार गए। चंदाबाबू प्रधानी का चुनाव जीत गए। इसे लेकर दोनों के समर्थकों में विवाद चल रहा था। मंगलवार की शाम को पांच बजे दोनों सामने आ गए थे। पूर्व प्रधान की सूचना पर पहुंची चीता मोबाइल ने विवाद शांत करा दिया। शाम सात बजे दोनों के समर्थक दोबारा सामने आ गए। उनके बीच मारपीट और पथराव होने लगा। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने सुनहरी और चंदाबाबू को पकड़ लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस की ओर से दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

पुलिस ने दोनों को दस-दस लाख रुपये से किया था पाबंद

पुलिस के अनुसार चुनाव से पहले पूर्व और वर्तमान प्रधान और उनके समर्थकों को चिन्हित करके उन्हें दस-दस लाख रुपये से पाबंद किया था। इसके बावजूद उन्होंने झगड़ा किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि वर्तमान व पूर्व प्रधान के खिलाफ पाबंद की गई रकम वसूलने की रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जाएगी। अन्य आरोपितों को भी चिन्हित किया जा रहा है। उनके खिलाफ भी रिपोर्ट भेजी जाएगी।

युवक को लहूलुहान किया, मुकदमा

जगदीशपुरा के बोदला स्थित सरस्वती नगर निवासी तुषार यादव पर बस्ती के ही युवकों ने नौ मई को हमला बोल दिया। उन्हें लाठी-डंडों और सरिया से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शिवम, सनी, एमपी, सुरेंद्र ठाकुर आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर जगदीशपुरा सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपिताें की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। 

chat bot
आपका साथी