आगरा के पिढ़ौरा में अपने ही ट्रैक्टर के नीचे दबकर गई किसान की जान

गेहूं की बोरियां लेकर ट्रैक्टर-ट्राली से जा रहा था घर। ढलान पर अनियंत्रित होकर खाई में जा पलटा ट्रैक्टर-ट्राली। मृतक किसान के हैं छह बच्‍चे। अभी तक किसी की शादी नहीं हुई है। उनकी मौत के बाद परिवार बेसहारा हो गया है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 11:42 AM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 11:42 AM (IST)
आगरा के पिढ़ौरा में अपने ही ट्रैक्टर के नीचे दबकर गई किसान की जान
पिढ़ोरा में अपने ही ट्रैक्‍टर के नीचे दबकर किसान की जान चली गई।

आगरा, जागरण संवाददाता। गेहूं की फसल की कटाई हो गई थी। कटर थ्रेसर से कुटाई के बाद ट्रैक्टर-ट्राली से युवा किसान गेहूं घर ले जा रहा था। रास्ते में ट्रैक्टर पलटने पर वह नीचे दब गया। इसके बाद युवा किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घर में कोहराम मच गया है।

पिढ़ौरा थाना क्षेत्र के गांव कौंध डंगा की ठार निवासी 32 वर्षीय सत्यप्रकाश के 15 बीघा खेत में गेहूं की फसल थी। रविवार को गेहूं की कुटाई हो गई। इसके बाद वह बोरियों में भरकर गेहूं अपने ट्रैक्टर से घर ले जा रहे थे। स्वजन के मुताबिक रविवार रात 12 बजे वह ट्रैक्टर-ट्राली से गेहूं घर ले जा रहे थे। रास्ते में एक स्थान पर ढलान पड़ता है। सत्यप्रकाश ट्रैक्टर चला रहे थे। ढलान पर उतारते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। इसके बाद खाई में जाकर ट्रैक्टर पलट गया। सत्यप्रकाश ट्रैक्टर के पिछले पहिए के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। इसमें काफी समय लग गया। जब तक ट्रैक्टर के नीचे से निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में चीख पुकार मच गई। सत्यप्रकाश के पांच लड़की और एक लड़का हैं। अभी किसी की शादी नहीं हुई है। उनकी मौत के बाद परिवार बेसहारा हो गया है। 

chat bot
आपका साथी