नगला नथोली में दीवार और टिनशेड गिरी, दो बच्चियों की मौत

मां-बेटी घायल शुक्रवार को तेज बारिश के दौरान हुआ हादसा कागारौल में मकान की छत गिरने से मलबे में दबकर पिता-पुत्र घायल

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 06:10 AM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 06:10 AM (IST)
नगला नथोली में दीवार और टिनशेड गिरी, दो बच्चियों की मौत
नगला नथोली में दीवार और टिनशेड गिरी, दो बच्चियों की मौत

जागरण टीम, आगरा। शुक्रवार को तेज बारिश में अलग-अलग स्थानों पर हादसे हुए। एत्मादपुर के नगला नथोली में दीवार और टिनशेड गिरने से दो बच्चियों की मौत हो गई, जबकि मां व एक अन्य बेटी घायल हो गई। कागारौल में मकान की छत गिरने से पिता-पुत्र मलबे में दब गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एत्मादपुर: खंदौली की ग्राम पंचायत रहन कलां के गांव नगला नथोली निवासी महेंद्र सिंह राजमिस्त्री हैं। शुक्रवार को वे काम की तलाश में गए थे। घर पर उनकी पत्‍‌नी शकुंतला देवी (35), बेटी शिवानी (9) ज्योति (3), राधिका (2) और बेटा अश्वनी (5) घर में टिनशेड में बैठे हुए थे। तीसरे पहर चार बजे अचानक दीवार और टिनशेड भरभराकर गिर पड़ी। इससे सभी मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकाला। अस्पताल ले जाते समय राधिका की रास्ते में मौत हो गई। वहीं रात नौ बजे ज्योति ने भी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शकुंतला और शिवानी को ट्रांसयमुना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में शकुंतला का बेटा अश्वनी बाल-बाल बच गया। उसे खंरोच तक नहीं आई। उधर, हादसे की सूचना पर एसडीएम प्रियंका सिंह, नायब तहसीलदार अजय कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने मृतकों के स्वजन को आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिया।

कागारौल: गांव बघा निवासी बेदर सिंह (48), उनका बेटा भूरी सिंह (15) गुरुवार रात घर में कमरे में और बेदर सिंह की पत्‍‌नी व अन्य बच्चे बाहर टिनशेड में सो रहे थे। अचानक उनके घर की छत भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में बेदर सिंह और भूरी सिंह मलबे में दब गए। ग्राम प्रधान हाकिम सिंह व ग्रामीणों ने मलबे से बाहर निकाल पिता-पुत्र को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की हालत चिंताजनक है। शुक्रवार को राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह पीड़ितों से मिलने पहुंचे। उन्होंने सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के लिए डीएम को निर्देश दिए। विधायक ने दिया मुआवजे का भरोसा

नगला नथोली में हादसे की सूचना पर विधायक रामप्रताप सिंह चौहान ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।

chat bot
आपका साथी