बाह में कच्चे मकान की दीवार गिरी, पिता-पुत्री दबे

कमतरी गांव में हुआ हादसा ग्रामीणों ने मलबे में दबे पिता-पुत्री को निकाला दो दिन की बारिश में जुलाहापुरी में बंद मकान ढहा हादसा टला

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 06:05 AM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 06:05 AM (IST)
बाह में कच्चे मकान की दीवार गिरी, पिता-पुत्री दबे
बाह में कच्चे मकान की दीवार गिरी, पिता-पुत्री दबे

जागरण टीम, आगरा। बुधवार को दिन भर तेज बारिश और गुरुवार को बूंदाबांदी से अलग-अलग जगह मकान गिरने की घटनाएं हुई। बाह के कमतरी में कच्चे मकान की दीवार और छप्पर गिरने से पिता-पुत्री घायल हो गए। वहीं जुलाहापुरी में वर्षो से बंद मकान ढह गया।

बाह के कमतरी निवासी हरीबाबू वाल्मीकि ने बताया कि बुधवार को हुई बारिश और गुरुवार को बूंदाबांदी के चलते उनके कच्चे मकान में सीलन आ गई थी। गुरुवार सुबह उनकी बेटी मुस्कान छप्पर के नीचे खाना बना रही थी और हरीबाबू खाना खा रहे थे। एकाएक दीवार और छप्पर गिरने से पिता-पुत्री मलबे में दब गए। चीखपुकार मचते ही आसपास के लोग दौड़ पड़े। उन्होंने मलबे में फंसे पिता-पुत्री को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल भिजवाया गया। ग्रामीणों के मुताबिक आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण हरीबाबू कच्चे मकान में जीवन यापन को मजबूर हैं। उनके दो बेटे रामप्रकाश (20) और लक्ष्मीण (18) हैं। ग्रामीणों ने पीड़ित को पक्का आवास दिलाने और मुआवजे देने की मांग की है।

उधर, बाह कस्बे के मुहल्ला जुलाहापुरी निवासी राममूर्ति पचौरी का राधा बाल विद्यालय के सामन मकान हैं। यहां कोई नहीं रहता। यह मकान दो दिन से हो रही बारिश के चलते गुरुवार सुबह अचानक भरभराकर गिर पड़ा। तेज आवास से आसपास के लोग डर गए। गनीमत रही कि यहां कोई नहीं रहता। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। बसई अरेला स्वास्थ्य केंद्र जलमग्न, मरीज परेशान

जागरण टीम, आगरा। बुधवार को हुई बारिश से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसई अरेला जलमग्न हो गया। इससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्वास्थ्य केंद्र पर जलभराव के कारण स्वास्थ्य कर्मी और मरीजों का केंद्र तक मुश्किल हो गया। केंद्र में तीन फीट तक पानी भर गया। गुरुवार को डिलीवरी के लिए आई महिलाओं को उनके स्वजन ने गोद में उठाकर अस्पताल पहुंचाया। सीएससी प्रभारी डा. विजय कुमार ने बताया कि पंप लगाकर पानी निकलवाया गया है और समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।

chat bot
आपका साथी