Agra Cantt: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर बदलने जा रही है अब आने-जाने की व्यवस्था
Agra Cantt आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर छह के सामने बनेगा निकास गेट। सुरक्षा कारणों से सराय ख्वाजा की तरफ जाने वाला दूसरा प्रवेश गेट किया बंद। अभी मुख्य गेट पर चल रहा है सुंदरीकरण का कार्य।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर अब प्रवेश और निकास गेट अलग-अलग होंगे। अभी तक एक ही गेट से प्रवेश और निकास होता है। निकास गेट प्लेटफॉर्म नंबर छह के सामने बनेगा। यह रास्ता जीआरपी थाने के बराबर से होकर गुजरेगा। कैंट रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। मुख्य द्वार पर आकर्षक फुव्वारा बन कर तैयार है। इसके चलते अब रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के प्रवेश और निकास के लिए अलग गेट की व्यवस्था की जा रही है।
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर अभी जो मुख्य गेट है, उससे यात्रियों को केवल प्रवेश मिलेगा। निकास के लिए स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह के गेट से जाना हाेगा। इस गेट के लिए जीआरपी थाने के बराबर से करीब आठ फीट चौड़ा रास्ता बनाया जाएगा। ये रास्ता पार्किंग से होकर गुजरेगा, इसलिए पार्किंग के स्थान को आठ फीट कम किया जाएगा। स्टेशन से बाहर निकलने पर यात्रियों को यहीं से टैक्सी और ऑटो मिलेंगे। उन्हें घूमकर प्रीपेड बूथ पर नहीं जाना होगा। स्टेशन डायरेक्टर एनपी सिंह ने बताया कि स्टेशन से उतरने वाले यात्रियों की सहूलियत के लिए अलग निकास गेट बनाया जाएगा।
सराय ख्वाजा वाला प्रवेश गेट बंद
कैंट स्टेशन पर प्रवेश के लिए सराय ख्वाजा वाला रास्ता भी सुझाया गया था, लेकिन इस प्रवेश गेट को बंद कर दिया गया है। इस गेट को बंद करने के लिए जीआरपी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी रिपोर्ट दी थी। द्वार बंद होने से फिलहाल इसके निर्माण का कार्य भी टल गया है।