Tajmahal: कोरोना का झटका, ताजमहल पर एएसआइ को लगा 85 करोड़ रुपये का फटका

वित्तीय वर्ष 2019-20 में ताजमहल से हुई थी 96.01 करोड़ की आय। वित्तीय वर्ष 2020-21 के टिकट बिक्री घटकर 10.61 करोड़ रह गई। टूरिस्ट वीजा सर्विस पर रोक और इंटरनेशनल फ्लाइट नहीं होने से विदेशी पर्यटक यहां नहीं आ सके। पाबंदियों के चलते भारतीय पर्यटक भी कम आए।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 16 Jul 2021 11:36 AM (IST) Updated:Fri, 16 Jul 2021 11:36 AM (IST)
Tajmahal: कोरोना का झटका, ताजमहल पर एएसआइ को लगा 85 करोड़ रुपये का फटका
कोरोना वायरस संक्रमण काल में ताजमहल पर पर्यटकों की संख्‍या बहुत कम रही।

आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस के संक्रमण से ताजनगरी का पर्यटन उद्योग अभी तक नहीं उबर सका है। स्मारक खुले होने के बावजूद पर्यटन उद्यमी बेहाल हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ा है। वित्तीय वर्ष 2020-21 मेंं एएसआइ को ताजमहल की टिकट बिक्री से केवल 10.61 करोड़ रुपये की ही आय हुई, जबकि वित्तीय वर्ष 2019-20 में 96.01 करोड़ रुपये की आय ताजमहल की टिकट बिक्री से हुई थी। उसकी आय में 85 करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई है।

देश में कोरोना वायरस के संक्रमण ने मार्च, 2020 में दस्तक दी थी। इसके चलते एएसआइ ने सभी स्मारकों को 17 मार्च से पर्यटकों के लिए बंद कर दिया था। कोरोना वायरस का संक्रमण कम होने के बाद ताजमहल 21 सितंबर को खोला गया था। अप्रैल, 2020 से मार्च, 2021 तक रहे वित्तीय वर्ष 2020-21 में ताजमहल 163 दिन बंद रहा। ताजमहल खुला तो एक दिन में अधिकतम पांच हजार पर्यटकों की कैपिंग लागू कर दी गई। इसे 20 दिसंबर को बढ़ाकर 10 हजार और 27 दिसंबर को बढ़ाकर 15 हजार कर दिया गया था। दो जनवरी से ताजमहल पर टिकट विंडो खोल दी गई थीं। जनवरी, फरवरी, मार्च में ताजमहल पर पर्यटकों की संख्या बढ़ी थी।

इसलिए कम हुई आय

ताजमहल पर विदेशी पर्यटकों का टिकट 1100 रुपये का है, जिसमें 500 रुपये एडीए के पथकर के शामिल हैं। मुख्य मकबरे पर जाने को सभी पर्यटकों को 200 रुपये का टिकट लेना होता है। टूरिस्ट वीजा सर्विस पर रोक और इंटरनेशनल फ्लाइट नहीं होने से विदेशी पर्यटक यहां नहीं आ सके। पाबंदियों के चलते भारतीय पर्यटक भी कम आए। इन कारणों से ताजमहल की टिकट बिक्री से होने वाली आय में गिरावट आई है।

ताजमहल पर टिकट बिक्री के आंकड़े

वित्तीय वर्ष, आय (रुपये में)

2016-17, 49.16 करोड़

2017-18, 56.56 करोड़

2018-19, 82.30 करोड़

2019-20, 96.01 करोड़

2020-21, 10.61 करोड़

वित्तीय वर्ष 2020-21 में ताजमहल पर स्थिति

माह, पर्यटक, आय रुपयों में

सितंबर, 18687, 1473660

अक्टूबर, 79188, 6592585

नवंबर, 97004, 8103695

दिसंबर, 174472, 14368155

जनवरी, 261111, 20696385

फरवरी, 330444, 28308400

मार्च, 307412, 26569520

कुल, 1268318, 106112400

वित्तीय वर्ष 2020-21 में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते ताजमहल 163 दिन बंद रहा। कई पाबंदियों के चलते पर्यटकों की संख्या कम रही। इससे स्मारक से होने वाली आय में कमी आई है।

-डा. वसंत कुमार स्वर्णकार, अधीक्षण पुरातत्वविद् 

chat bot
आपका साथी