राहुल गांधी क्या जानें, किसान और गरीब क्या होता है: केशव प्रसाद मौर्य

मथुरा पहुंचे डिप्टी सीएम के सामने भाजपाइयों ने उठाई बंदरों की समस्या। बोले डिप्टी सीएम पहले से अधिक आएंगी 2022 के चुनाव में सीटें। उन्‍होंने भाजपाइयों के साथ महावन के रमणरेती आश्रम में बैठक की। सपा और बसपा भाजपा के खिलाफ जातिवाद को लेकर गलत अफवाह फैला रही हैं।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 07:32 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 08:41 AM (IST)
राहुल गांधी क्या जानें, किसान और गरीब क्या होता है: केशव प्रसाद मौर्य
सोमवार को मथुरा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने जाते डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य।

आगरा, जागरण संवाददाता। कान्हा की नगरी में सोमवार को आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी पर गहरा कटाक्ष किया। वहीं डिप्‍टी सीएम मौर्य ने यह भी ऐलान कर दिया कि पहले के मुकाबले आगामी चुनाव में भाजपा की सीटें और ज्‍यादा आएंगी। उप मुख्‍यमंत्री के सामने भाजपाइयों ने मथुरा-वृंदावन में बंदरों की समस्या उठाई। जिले की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का मामला भी भाजपाइयों ने उठाया।

जिले के दौरे पर आए डिप्टी सीएम ने भाजपाइयों के साथ महावन के रमणरेती आश्रम में बैठक की। यहां गोवर्धन विधायक कारिंदा सिंह, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, मेयर डा. मुकेश आर्य बंधु और भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा, महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल भी मौजूद रहे। महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने डिप्टी सीएम से कहा कि मथुरा-वृंदावन समेत अन्य इलाके में बंदरों के आतंक से श्रद्धालु परेशान हैं। बंदर श्रद्धालुओं पर हमला कर देते हैं और उनका सामान छीन लेते हैं। इनसे निजात की योजना बनाई जाए। इस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि वह जनभावनाओं का ध्यान रखते हुए इस पर जल्द उचित निर्णय लेंगे। भाजपाइयों ने जिले की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की मांग उठाई। इस पर डिप्टी सीएम ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत न होने पर लोक निर्माण विभाग के अफसरों को फटकार लगाई। डिप्टी सीएम ने कहा कि जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत का कार्य हो। इसमें किसी भी सूरत में लापरवाही न बरती जाए। उधर, डिप्टी सीएम ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि सपा और बसपा भाजपा के खिलाफ जातिवाद को लेकर गलत अफवाह फैला रही हैं। इससे भाजपा की ताकत और बढ़ रही है। आगामी चुनाव में 2017 से 2022 में अधिक सीटें आएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी क्या जाने किसान और गरीब क्या होता है। क्योंकि वह एक अमीर घराने से ताल्लुक रखते हैं। कहा कि भाजपा सरकार ने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा कर रहा है।

chat bot
आपका साथी