कर्मचारियों की हड़ताल से उफनाए मैनहोल, हंगामा

दो माह से वबाग कंपनी के 60 कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन नगर निगम जल संस्थान के अफसरों के पास पहुंचीं 160 शिकायतें

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 07:55 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 07:55 PM (IST)
कर्मचारियों की हड़ताल से उफनाए मैनहोल, हंगामा
कर्मचारियों की हड़ताल से उफनाए मैनहोल, हंगामा

आगरा, जागरण संवाददाता। वेतन न मिलने के चलते वबाग कंपनी के 60 कर्मचारी गुरुवार दोपहर तक हड़ताल पर रहे। दूसरे दिन हड़ताल के चलते मैनहोल की सफाई न होने से बलका बस्ती में महिलाओं ने हंगामा किया। दोपहर बाद कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हुई, लेकिन बलका बस्ती में कोई टीम नहीं पहुंची। इससे नाराज महिलाओं ने वार्ड 45 के पार्षद राजेश प्रजापति के नालबंद रोड स्थित आवास का घेराव किया और वबाग के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं ने पार्षद को ज्ञापन सौंपा। वहीं नगर निगम, जल संस्थान के अफसरों के पास 160 शिकायतें पहुंचीं।

शहरभर में सीवर नेटवर्क की सफाई का ठेका वबाग कंपनी को मिला हुआ है। राज्य सरकार द्वारा 43 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाता है। पांच माह के भीतर तीन बार कर्मचारी हड़ताल कर चुके हैं। बुधवार को 60 कर्मचारियों ने धांधूपुरा स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में हंगामा किया और धरना दिया। इसके चलते शहरभर के मैनहोल की सफाई नहीं हो सकी। चार जोन में 25 हजार मैनहोल हैं। गुरुवार को भी कर्मचारियों ने मैनहोल की सफाई शुरू नहीं की। कर्मचारी हड़ताल पर रहे। दोपहर 12 बजे कंपनी के अधिकारियों के साथ कर्मचारियों की बैठक हुई। जल्द वेतन रिलीज करने के आश्वासन पर कर्मचारियों ने हड़ताल को खत्म करने की घोषणा की। ताजगंज, जयपुर हाउस क्षेत्रों में मैनहोल की सफाई की जा सकी। बलका बस्ती में मैनहोल ओवरफ्लो होने से गंदा पानी रोड पर भर गया। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्षेत्रीय निवासी शांति देवी ने बताया कि बदबू के चलते लोग परेशान हैं। वबाग कंपनी के अफसरों को इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। जल्द लगेगा जुर्माना : जल संस्थान के महाप्रबंधक आरएस यादव ने बताया कि वबाग कंपनी के कर्मचारियों की हड़ताल की शिकायत मिली है। जल्द ही कंपनी पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसकी रिपोर्ट नगरायुक्त को भेजी जाएगी। महाप्रबंधक की रिपोर्ट पर वबाग कंपनी पर एक करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लग चुका है।

chat bot
आपका साथी