घाट बजरिया की बस्ती में फिर भरा गंदा पानी, महिलाओं ने लगाया जाम

छह दिन पूर्व बस्ती में भर गया था पानी नाला चोक होने से आ रही है परेशानी महिलाओं ने डंडों के साथ जताया विरोध नगर निगम और जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 04 Jun 2021 09:00 PM (IST) Updated:Fri, 04 Jun 2021 09:00 PM (IST)
घाट बजरिया की बस्ती में फिर भरा गंदा पानी, महिलाओं ने लगाया जाम
घाट बजरिया की बस्ती में फिर भरा गंदा पानी, महिलाओं ने लगाया जाम

आगरा,जागरण संवाददाता। यमुनापार स्थित घाट बजरिया की बस्ती में शुक्रवार सुबह फिर से गंदा पानी भर गया। इससे नाराज महिलाओं ने सुबह साढ़े आठ बजे एत्माद्दौला से बेलनगंज रोड पर जाम लगा दिया। महिलाओं ने डंडों के साथ विरोध जताया और नगर निगम व जल संस्थान के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस और नगर निगम के अफसरों ने जल्द ही समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया तब जाकर महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ।

छह दिन पूर्व घाट बजरिया की बस्ती में नाला चोक होने से गंदा पानी भर गया था। महिलाओं ने रोड जाम कर दिया था। गुरुवार रात फिर से बस्ती में पानी भर गया। इससे क्षेत्रीय लोग भड़क उठे। 100 से अधिक महिलाएं रोड पर उतर आईं और नारेबाजी शुरू कर दी। नगर निगम के अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। नाले का निर्माण न होने के चलते आए दिन बस्ती में गंदा पानी भर जाता है। माया देवी ने बताया कि 14 घरों में पानी भर गया था। रात में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया। पार्षद लाला अब्बास से भी शिकायत की जा चुकी है। ममता देवी और द्रौपदी ने कहा कि जब तक नाले की समस्या का समाधान नहीं होगा तब तक जाम नहीं खुलेगा। पुलिस और नगर निगम के अफसरों ने महिलाओं को समझाया। अधिशासी अभियंता, छत्ता जोन अजीत कुमार ने बताया कि दस जून तक क्षतिग्रस्त नाले की मरम्मत कराई जाएगी। चौबीस घंटे पंप को चालू रखा जाएगा। इससे बस्ती में पानी नहीं भरेगा। एक घंटे के बाद जाम खुला।

नाले से नहीं हटाया जा रहा है अतिक्रमण : क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि नाले पर आधा दर्जन दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे नाले की सफाई नहीं हो पा रही है। आए दिन नाला चोक हो जाता है।

नहीं हो पा रहे हैं समारोह : गंदा पानी भरने के कारण बस्ती में समारोह नहीं हो पा रहे हैं। सुभाष कुमार के यहां इसी माह शादी है, अगर समारोह के दिन गंदा पानी भर गया तो उसमें खलल पड़ने से इन्कार नहीं किया जा सकता।

chat bot
आपका साथी