अंडरग्राउंड नाला धंसा, घरों में पानी भरा

35 साल पुराना है सौ फुटा टेढ़ी बगिया रोड नाला शिकायतों के बाद भी नगर निगम प्रशासन नहीं दे रहा है ध्यान एक माह पूर्व लगाया गया था पंप महज पांच से छह घंटे चलने के बाद कर दिया जाता है बंद हजारों लोग हैं परेशान

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 08:58 PM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 08:58 PM (IST)
अंडरग्राउंड नाला धंसा, घरों में पानी भरा
अंडरग्राउंड नाला धंसा, घरों में पानी भरा

आगरा, जागरण संवाददाता, सौ फुटा टेढ़ी बगिया रोड से होकर गुजरा 35 साल पुराना अंडरग्राउंड नाला धंस गया। इससे रोड के आसपास की गलियों और घरों में गंदा पानी भर गया। लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं। शिकायतों के बाद भी नगर निगम प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही निगम प्रशासन ने समस्या का निस्तारण नहीं किया तो प्रदर्शन किया जाएगा।

एक माह पूर्व अंडरग्राउंड नाला क्रैक हुआ था। इससे रोड पर पानी भर गया था। बीस शिकायतों के बाद नगर निगम प्रशासन ने एक मोटर रख पानी की निकासी का इंतजाम किया था लेकिन नाले की मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। धीरे-धीरे पूरा नाला बैठता चला गया। शुक्रवार को लाखों लीटर पानी रोड और गलियों में भर गया। वार्ड 28 की पार्षद मिथलेश ने बताया जूनियर इंजीनियर से लेकर अफसरों को कई शिकायतें की गई हैं लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। नाला धंसने से हजारों लोग परेशान हैं। पार्षद पति यशपाल ने बताया कि लगातार शिकायतों के बाद कोई सुध नहीं ले रहा है। नगरायुक्त से नाला निर्माण की मांग की गई है।

खराब हो गया सामान : सूरज कुमार ने बताया कि घर में गंदा पानी भरने से हजारों रुपये का सामान खराब हो गया है। पूरा सामान ऊंचाई पर रखना पड़ रहा है। जमीन पर बैठ नहीं सकते हैं।

घर में घुसा सांप : विमला देवी ने बताया कि पिछले सप्ताह घर में सांप घुस गया था। लोगों की मदद से सांप को पकड़ा जा सका।

आखिर क्यों जमा करें टैक्स : राम कुमार ने बताया कि हर साल हाउस टैक्स जमा करते हैं लेकिन नगर निगम प्रशासन की तरफ से कोई सुविधा नहीं मिली है।

chat bot
आपका साथी