Agra Nagar Nigam: 30 सितंबर तक जमा कराएं House Tax, 10 फीसद की छूट पाएं

इस वित्तीय साल में 60 करोड़ रुपये की वसूली का है लक्ष्य। वसूली न होने से लड़खड़ाए विकास कार्य। 22 सितंबर को होने जा रहा है विशेष सदन। हंगामे के हैं आसार। 30 सितंबर तक हाउस टैक्स जमा कराकर 10 फीसद की छूट प्राप्त कर सकते हैं।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 04:01 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 04:01 PM (IST)
Agra Nagar Nigam: 30 सितंबर तक जमा कराएं House Tax, 10 फीसद की छूट पाएं
नगर निगम के राजस्व निरीक्षक नहीं कर रहे ढंग से काम।

आगरा, जागरण संवाददाता। नगर निगम में 24 राजस्व निरीक्षक हाउस टैक्स की वसूली के लिए हैं, लेकिन इसके बाद भी टैक्स की वसूली में लापरवाही बरती जा रही है। इस वित्तीय साल में अभी तक 60 करोड़ के सापेक्ष 15 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। कम राजस्व मिलने का असर विकास कार्यों पर पड़ा है। ठीक से विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। इसे लेकर पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त निखिल टीकाराम को ज्ञापन सौंपा है। वहीं, 22 सितंबर को निगम का विशेष सदन होने जा रहा है। तीसरे पहर तीन बजे से होने वाले सदन में हंगामे से इन्कार नहीं किया जा सकता है।

तीस सितंबर तक मिलेगी दस फीसद की छूट

नगर निगम प्रशासन ने हाउस टैक्स में तीस सितंबर तक दस फीसद की छूट दी है। अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार ने बताया कि चार जोनल कार्यालय लोहामंडी, ताजगंज, छत्ता और हरीपर्वत में टैक्स जमा कराया जा सकता है।

ठीक से हो सर्वे तो बढ़ सकते हैं भवन

दो साल पूर्व नगर निगम के सौ वार्डों में भवनों के सर्वे का जिम्मा साईं कंपनी को मिला था। यह निर्णय प्रदेश सरकार स्तर से हुआ था। कंपनी द्वारा ठीक से सर्वे न करने पर दो माह पूर्व नगर आयुक्त निखिल टीकाराम ने नाराजगी जताई और प्रमुख सचिव, नगर विकास को पत्र लिखा था। कंपनी को काली सूची में डालने की मांग की गई थी। दो साल के बाद भी एक भी भवन नहीं बढ़ा है। वर्तमान में भवनों की संख्या 3.15 लाख है, जिसमें 35 हजार व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं।

अफसरों का नहीं है ध्यान

पीपलमंडी के पार्षद रवि माथुर ने कहा कि नगर निगम के अफसर हाउस टैक्स की वसूली पर कम ध्यान दे रहे हैं। पांच माह में 15 करोड़ रुपये की वसूली हुई है।

विकास कार्य हो रहे प्रभावित

ताजगंज के पार्षद मोहन सिंह ने कहा कि हाउस टैक्स की वसूली को बढ़ाया जाना चाहिए। इससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसे लेकर नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया गया है।

रोजना हो बैठक

कमला नगर की पार्षद सविता अग्रवाल ने कहा कि हाउस टैक्स की वसूली को लेकर हर दिन बैठक होनी चाहिए। इससे 60 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो सकेगा।

सदन में रखेंगे मुद्दा

अशोक नगर के पार्षद राजेश प्रजापति ने कहा कि हाउस टैक्स की वसूली पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। 22 सितंबर को इसे लेकर सदन बुलाया गया है।

chat bot
आपका साथी