डेंगू संदिग्ध बालिका की मौत, डेंगू के 20 नए मरीज

नगला बिहारी में दूसरी मौत मछरों का प्रकोप आगरा के 14 मरीजों में डेंगू की पुष्टि

By JagranEdited By: Publish:Thu, 30 Sep 2021 08:17 PM (IST) Updated:Thu, 30 Sep 2021 08:17 PM (IST)
डेंगू संदिग्ध बालिका की मौत, डेंगू के 20 नए मरीज
डेंगू संदिग्ध बालिका की मौत, डेंगू के 20 नए मरीज

आगरा, जागरण संवाददाता। डेंगू संदिग्ध बालिका की गुरुवार को मौत हो गई। उसे चार दिन से बुखार आ रहा था। वहीं, 20 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें से आगरा के 14 मरीज हैं।

नगला बिहारी, एत्माद्दौला में अपने मामा नंदलाल के घर रह रही आठ साल की तनु वर्मा को चार दिन से बुखार आ रहा था। स्वजनों ने बताया कि बुखार आने पर डाक्टर से दवा दिलवाई। बुखार उतर गया, तीन दिन बाद दोबारा बुखार आ गया और उल्टी होने लगी। उसे लेकर निजी अस्पताल में पहुंचे। डेंगू की रैपिड टेस्ट की जांच पाजिटिव आने और प्लेटलेट्स कम होने पर इलाज शुरू हो गया। दोपहर में मौत हो गई। वह मूल रूप से फिरोजाबाद के नगला बरी की रहने वाली थी और सात साल से अपने मामा के पास रह रही थी। यह नगला बिहारी में डेंगू संदिग्ध दूसरे मरीज की मौत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मच्छर का प्रकोप है हर घर में लोग बीमार हैं। मगर, एंटी लार्वा का छिड़काव और चिकित्सा शिविर नहीं लगाया जा रहा है।

सरोजनी नायडू मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि 10 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें से आगरा के चार मरीज हैं, फीरोजाबाद के तीन मरीज, हाथरस के दो, एटा का एक मरीज है। एसएन के डेंगू वार्ड में भर्ती दो मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। बाल रोग विभाग के डेंगू वार्ड में एक नया मरीज भर्ती हुआ है।

जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती 10 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इस तरह आगरा के 14 मरीजों की डेंगू की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। अभी तक 184 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। मलेरिया के दो नए केस मिले हैं। मलेरिया के मरीजों की संख्या 19 हो गई है। मलेरिया से कोई मौत दर्ज नहीं हुई है।

chat bot
आपका साथी