यमुना में डूबे दो किशोरों की मौत, परिवार में कोहराम, घर से निकले थे मार्निंग वॉक को

सुबह मार्निंग वाक के लिए निकले थे दोनों साथी पहुंच गए यमुना स्नान करने। वृंदावन में देवराहा बाबा घाट पर शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे दुखद घटना में दो किशोरों की यमुना में डूबने से मौत हो गई।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 04:27 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 04:27 PM (IST)
यमुना में डूबे दो किशोरों की मौत, परिवार में कोहराम, घर से निकले थे मार्निंग वॉक को
वृंदावन में मार्निंग वॉक को निकले दो किशाेरों की यमुना में डूबने से मौत।

आगरा, जेएनएन। वृंदावन में यमुना में स्नान के दौरान गहरे पानी में पहुंचने से दो किशोर डूब गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे बाद दोनों को यमुना से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। किशोरों की मौत से परिवार में हड़कंप मच गया। स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। दोनों साथी सुबह मार्निंग वाक के लिए गांधी पार्क की कहकर यमुना स्नान करने के लिए पहुंच गए थे।

वृंदावन के कोतवाली क्षेत्र के कुंभ क्षेत्र स्थित देवराहा बाबा घाट पर शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे दुखद घटना में दो किशोरों की यमुना में डूबने से मौत हो गई। गौरानगर कालोनी निवासी 14 वर्षीय आलोक और 16 वर्षीय पुनीत प्रतिदिन की तरह शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे घर से गांधी पार्क मार्निंग वाक की कहकर निकले थे। लेकिन गांधी पार्क न पहुंचकर दोनों साथी अपने दो अन्य साथियों संग यमुना किनारे देवराहा बाबा घाट पर स्नान के लिए पहुंच गए। चूंकि यमुना के जलस्तर में इन दिनों बढ़ोत्तरी हो रही है तो घाट की सीढ़ियां लगभग डूब चुकी हैं। सुबह अन्य श्रद्धालु भी यमुना में स्नान कर रहे थे, तो श्रद्धालुओं ने इन किशोरों से गहरे पानी में न जाने की हिदायत भी दी। लेकिन किशोर नहीं माने और एक किशोर आगे गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। अपने साथी को डूबता देख दूसरा किशोर उसे बचाने के लिए गहरे पानी में पहुंच गया और दोनों किशोर यमुना में डूब गए। यह देख दो किशोर तो उल्टे अपने घर के लिए दौड़ लिए और उनके स्वजनों को सूचना दी। लेकिन किशोरों के डूबते ही किनारे स्नान कर रहे श्रद्धालुओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से किशोरों की तलाश शुरू कर दी। करीब दो घंटे कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को यमुना से बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने जैसे ही दोनों को मृत घोषित किया, स्वजनों की चीख निकल पड़ी। स्वजनों का रो रोककर बुरा हाल हो रहा था। दोनों युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल पसर गया। 

chat bot
आपका साथी