मारपीट में घायल महिला की मौत, स्वजन में कोहराम

डौकी के गांव गढ़ी भज्जी में 29 नवंबर को जमीन के विवाद में हो गई थीं घायल शव गांव में पहुंचते ही मचा कोहराम पुलिस की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 06:05 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 06:05 AM (IST)
मारपीट में घायल महिला की मौत, स्वजन में कोहराम
मारपीट में घायल महिला की मौत, स्वजन में कोहराम

जागरण टीम, आगरा। जमीन के विवाद के हुई मारपीट में घायल महिला ने जयपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद रविवार रात शव गांव में पहुंचा तो कोहराम मच गया। पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

डौकी के गांव गढ़ी भज्जी निवासी हीरा सिंह 29 नवंबर को अपनी जमीन में मकान की नींव भरवा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही नाथूराम, कमलेश, पंचो देवी आदि आए और मारपीट शुरू कर दी। बीचबचाव में हीरा सिंह की 25 वर्षीय पत्‍‌नी इलायची देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्वजन ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद वे उन्हें जयपुर ले गए। वहां उपचार के दौरान इलायची देवी की मौत हो गई। एसओ डौकी बहादुर सिंह के मुताबिक मुकदमे में धाराएं तरमीम की जाएंगी। आरोपितों की तलाश की जा रही है। बासौनी के रिटायर्ड फौजी को गोली मारी, घायल

जागरण टीम, आगरा। बाइक से घर जा रहे रिटायर्ड फौजी को गोली मारकर घायल कर दिया गया। उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आगरा रेफर किया गया है।

बासौनी के बरहा गांव निवासी राजकिशोर 56 साल पुत्र सरमन सिंह रिटायर्ड फौजी हैं। वह रविवार को बाह के बड़ागांव में आयोजित एक शादी समारोह में गए थे। वहां से बाइक से लौटते समय डेरक के पास कुछ लोगों ने उन पर फायरिग की। एक गोली उनके पैर तो दूसरी कमर के पास लगी। इससे राजकिशोर लहूलुहान होकर गिर पड़े। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। उन्हें सीएचसी ले जाया गया। जहां डा. पुष्पेंद्र शर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगरा रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर जसवीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। लूट की सूचना ने पुलिस को दौड़ाया

जागरण टीम, आगरा। 22 हजार रुपये की लूट की सूचना ने पुलिस को दौड़ा दिया। खंदौली के गांव पर्वतपुर निवासी अजीत सिंह ने थाने में फोन कर सूचना दी कि कुछ लोगों ने उनसे 22 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक झूठी सूचना दी गई थी। दो पक्षों में मारपीट का मामला है। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी