आगरा में यमुना में मिला शव निकला युवती का, अभी तक नहीं खुला राज

खंदौली की छात्रा का निकला है शव। स्वजन बोले कई दिन से आ रहे बुखार के कारण हुई बेटी की मौत। गांव में खुदकुशी की चर्चाएं पोस्टमार्टम से होगी स्थिति स्पष्ट। जबकि डाक्‍टर का कहना है कि युवती के गले पर थे रस्‍सी के निशान।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 04:07 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 04:07 PM (IST)
आगरा में यमुना में मिला शव निकला युवती का, अभी तक नहीं खुला राज
यमुना में मिली लाश खंदौली की युवती की निकली है।

आगरा, जागरण संवाददाता। एत्माद्दौला क्षेत्र में यमुना में मिला शव खंदौली की छात्रा का निकला। स्वजन बुखार के चलते उसकी मौत होने की बात कह रहे हैं, जबकि गांव में खुदकुशी की चर्चाएं हैं। खुदकुशी का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हाे सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

एत्माद्दौला क्षेत्र में जगदंबा डिग्री कालेज के पास यमुना में गुरुवार दोपहर एक किशोरी का शव मिला था। पुलिस ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से शिनाख्त के प्रयास किए। वाट्सएप ग्रुपों पर किशोरी के शव की फोटो शेयर की थी। शुक्रवार को शव की शिनाख्त खंदौली के गांव आबिदगढ़ निवासी 16 वर्षीय क्रांति पुत्री धारा सिंह के रूप में हुई। पुलिस किशोरी के घर पहुंची। स्वजन ने बताया कि बेटी बीमार थी। उसको कई दिन से बुखार आ रहा था। पोइया चौराहा पर एक डाक्टर से वे बेटी को दवा दिलवा रहे थे। बुधवार को उसकी मौत हो गई। इसके बाद पोइया चौराहे के पास स्थित गांव नगला आशा के पास से उसका शव यमुना में बहा दिया था। पुलिस स्वजन की बात पर भरोसा कर रही है। मगर, गांव में चर्चाएं हैं कि किशोरी ने फंदे से लटककर खुदकुशी की है। जिस डाक्टर से स्वजन छात्रा को दवा दिलाने की बात कह रहे हैं, वह दवा देने से इन्कार कर रहा है। डाक्टर का कहना है कि जब स्वजन छात्रा को लेकर उसके पास आए थे, तब उसके गले पर रस्सी जैसा निशान दिख रहा था। उसकी मौत हो चुकी थी। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। मौत की वजह पोस्टमार्टम में साफ हो जाएगी। खुदकुशी की सही निकलेगी तब परिजनों से सवाल-जवाब किए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी