Murder in Agra: आगरा में ई रिक्शा चालक की हत्या कर फंदे से लटकाया शव

Murder in Agra रात में शादी समारोह के लिए निकले थे घर न पहुंचने पर रातभर तलाशते रहे स्वजन। हत्या के पीछे रंजिश की आशंका पुलिस ने कई लोगों को लिया हिरासत में। घर से दो सौ मीटर की दूरी पर रेलवे लाइन के पास खंडहर में सुबह मिला शव।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 01:06 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 01:06 PM (IST)
Murder in Agra: आगरा में ई रिक्शा चालक की हत्या कर फंदे से लटकाया शव
एत्माद्दौला क्षेत्र में ई रिक्शा चालक की हत्या कर शव फंदे से लटका मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में रविवार रात को ई रिक्शा चालक की हत्या कर शव फंदे से लटका दिया। घर से दो सौ मीटर की दूरी पर रेलवे लाइन के पास खंडहर आवास में सोमवार सुबह शव मिल गया। स्वजन रंजिश में हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

एत्माद्दौला के नगला देवजीत निवासी 50 वर्षीय रईस मोहम्मद ई रिक्शा चलाते थे। रविवार शाम को ई रिक्शा घर पर खड़ा करके वे कोतवाली क्षेत्र में एक शादी समारोह में गए थे। इसके बाद रात तक वापस नहीं आए। रात 11 बजे बाद उनका मोबाइल स्विच आफ हो गया। इसके बाद स्वजन को चिंता हुई। उन्होंने सभी रिश्तेदारों से बात की। मगर, रईस के बारे में कुछ पता नहीं चला। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह आठ बजे बस्ती के बच्चे शौच के लिए गए थे। तभी रेलवे लाइन के पास खंडहर आवास में उनका शव फंदे से लटका मिल गया। चेहरे और सिर से खून निकल रहा था और शर्ट फटी थी। रईस के बेटे अकरम ने बताया कि उनके पिता की हत्या कर खुदकशी का रूप देने को शव फंदे से लटकाया गया है। उन्होंने रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई है। पंद्रह दिन पहले उनका किसी से झगड़ा हुआ था। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला का कहना है कि स्वजन ने कुछ युवकों पर हत्या का शक जताया है। उनको हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी