आगरा में सुबह सुबह रेलवे लाइन किनारे मिले दो युवकों के शव, फैली सनसनी

एत्माद्दौला के नुनिहाई स्थित रेलवे लाइन की घटना। मरने वाले युवकों की आसपास के लोगों ने की पहचान। कुछ लोगाें दोनों युवकों की मौत ट्रेन हादसे में होने की आशंका जताई। दोनों की मौत हादसा है या साजिश के तहत हत्या पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Wed, 13 Oct 2021 09:32 AM (IST) Updated:Wed, 13 Oct 2021 09:32 AM (IST)
आगरा में सुबह सुबह रेलवे लाइन किनारे मिले दो युवकों के शव, फैली सनसनी
एत्‍माद्दौला क्षेत्र में आज सुबह इस युवक और इसके साथी की लाश मिली है।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में बुधवार की सुबह रेलवे लाइन किनारे दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। इलाके के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। जानकारी होने पर पुलिस भी पहुंच गई। मरने वाले दोनों युवक स्थानीय हैं। उनके ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। दोनों की मौत हादसा है या साजिश के तहत हत्या, पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।

घटना बुधवार सुबह करीब आठ बजे की है। नुनिहाई में रेलवे लाइन किनारे के पास से गुजरने वाले राहगीरों ने वहां पर दो युवकों के शव पड़े देखे। दोनों के शव कुछ मीटर की दूरी पर पड़े हुए थे। राहगीरों के इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। बस्ती के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। कुछ लोगों ने युवकों की मौत के पीछे साजिश की आशंका जताई। जबकि कुछ लोगाें दोनों युवकों की मौत ट्रेन हादसे में होने की आशंका जताई। उनका कहना था कि रेलवे लाइन पार करते समय दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे।

लोगों के सूचना देने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। उसने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार इलाके के लोगों ने मरने वाले युवकों की पहचान 22 वर्षीय मनीष निवासी छदामी नगर, प्रकाश नगर एत्माद्दौला और आकाश निवासी दुर्गा नगर नुनिहाई के रूप में की है। युवकों के स्वजन से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे यह पता लगाया जा सके कि वह घर से मंगलवार की शाम या बुधवार की सुबह निकले थे। स्वजन से बातचीत के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के अनुसार मामले की छानबीन की जा रही है।

chat bot
आपका साथी