रावण की तरह मुंह फाड़ता जा रहा कोरोना, इस वायरस पर कब पाएंगे विजय

ताजनगरी में इस महीने में अब तक 1172 संक्रमित हुए सबसे अधिक सितंबर में बढ़ा संक्रमितों का ग्राफ। अक्टूबर में अब तक 1172 मामले सामने आ चुके हैं। बीते एक सप्‍ताह में हर दिन आगरा में रिपोर्ट हो रही एक मौत।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 25 Oct 2020 12:37 PM (IST) Updated:Sun, 25 Oct 2020 12:37 PM (IST)
रावण की तरह मुंह फाड़ता जा रहा कोरोना, इस वायरस पर कब पाएंगे विजय
कोरोना वायरस संक्रमण ने आगरा की आबादी को बुरी तरह प्रभावित किया है।

आगरा, राजीव शर्मा। आज विजय दशमी है। यानी असत्य पर सत्य, बुराई पर अच्छाई का दिन लेकिन कोरोना रूपी रावण खत्म होने की बजाय बढ़ता ही जा रहा है। विश्वविख्यात ताजनगरी में विजयदशमी से एक दिन पहले तक (24 अक्टूबर) 6980 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। सबसे अधिक संक्रमितों का ग्राफ बीते सितंबर में बढ़ा। सिर्फ इस एक महीने में 2790 कोरोना संक्रमित हुए। अक्टूबर में अब तक 1172 मामले सामने आ चुके हैं।

ताजनगरी में कोरोना ने होली से पहले दस्तक दी थी। 25 मार्च से संपूर्ण देश में लाकडाउन हुआ। इससे पहले शहर में सिर्फ 8 कोरोना पाजिटिव थे। मार्च में सिर्फ 12 मामले ही सामने आए थे। जबकि लाकडाउन का पहले चरण (25 मार्च से 14 अप्रैल) के खत्म होने तक जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 150 पहुंच गई थी। यानी पहले लाकडाउन में कुल 142 कोरोना संक्रमित हुए। दूसरे लाकडाउन (15 अप्रैल से 3 मई) में जिले में संक्रमितों की संख्या 597 हो गई। दूसरे चरण में 428 मामले बढ़े। तीसरे लाकडाउन (4 से 17 मई) में जिले में कुल संक्रमित 807 हो गए। इस चरण में कुल 186 मामले ही बढ़े। लाकडाउन के चौथे चरण (18 से 31 मई) में संक्रमितों का ग्राफ 899 पर पहुंचा। इस चरण में 92 नये मामले सामने आए। इसके बाद अनलाक की प्रक्रिया शुरू हुई। अनलाक वन (1 से 30 जून) में 328 कोरोना संक्रमित बढ़े। 30 जून तक कोरोना संक्रमितों का ग्राफ 1227 पर पहुंच गया। अनलाक दो (1 से 31 जुलाई) में 577 कोरोना संक्रमित बढ़े। 31 जुलाई तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 1804 पर पहुंच गई। अगस्त में कोरोना संक्रमितों का ग्राफ 2901 पर पहुंचा। इस महीने में 1060 कोरोना संक्रमित बढ़े। सबसे अधिक संक्रमितों की संख्या सितंबर में रही। इस महीने 2790 लोग कोरोना की चपेट में आए। इससे जिले में कुल संक्रमितों का ग्राफ 5760 पर पहुंच गया। 24 अक्टूबर तक जिले में 6980 कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। 

chat bot
आपका साथी