आगरा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष से मारपीट, मृत सफाईकर्मी के परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे, प्रियंका ने किया ट्वीट

वाल्मीकि समाज ने कांग्रेस नेताओं पर राजनीति कर माहौल खराब करने के आरोप लगाए हैं। लोगों ने धक्का-मुक्की के बाद उनके साथ मारपीट कर दी थी। एक अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता को गिराकर पीटा। दोपहर बाद आगरा आ रहे हैं कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 01:25 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 01:25 PM (IST)
आगरा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष से मारपीट, मृत सफाईकर्मी के परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे, प्रियंका ने किया ट्वीट
रेड कुर्ता पहने कांग्रेस जिलाध्‍यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू से अभद्रता करते वाल्‍मीकि समाज के लोग।

आगरा, जागरण संवाददाता। पुलिस हिरासत में अरुण वाल्मीकि की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर परिवार को सांत्वना देने पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू से विवाद के बाद वाल्मीकि समाज के लाेगों ने उनके साथ मारपीट कर दी। वाल्मीकि समाज ने कांग्रेस नेताओं पर राजनीति कर माहौल खराब करने के आरोप लगाए हैं।

कांग्रेस जिलाध्‍यक्ष व जिला प्रवक्‍ता अनुज शिवहरे से मारपीट करते वाल्‍मीकि समाज के लोग। 

थाना जगदीशपुरा में मालखाने से 25 लाख रुपये गायब होने के बाद पुलिस ने थाने में आने वाले प्राइवेट सफाईकर्मी अरुण वाल्मीकि को हिरासत में लिया था। बुधवार तड़के हिरासत के दौरान उसकी मौत होने के बाद शहर में माहौल गर्मा गया है। पोस्टमार्टम हाउस पर वाल्मीकि समाज के लोग सुबह से एकत्र हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू अरुण के परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंचे थे। यहां वाल्मीकि समाज के लोगाें से उनका विवाद हो गया। लोगों ने धक्का-मुक्की के बाद उनके साथ मारपीट कर दी थी। वहीं जिला कांग्रेस प्रवक्‍ता अनुज शिवहरे को गिराकर पीटा। वाल्मीकि समाज के नेताओं ने कांग्रेसियों पर राजनीति करने व माहौल खराब करने के आरोप लगाए। वाल्मीकि समाज दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने, मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा व सरकारी नौकरी की मांग कर रहा है। वहीं अनुज शिवहरे का कहना है कि कांग्रेस जिलाध्‍यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू और शहर अध्‍यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्‍लू मृतक की मां और पत्‍नी से बातचीत कर रहे थे, इसी दौरान वाल्‍मीकि समाज के एक नेता के इशारे पर कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। अनुज के हाथ में चोट हैं, पूरे मामले से प्रदेश अध्‍यक्ष को अवगत करा दिया है।

प्रियंका ने किया ट्वीट

पुलिस कस्टडी में अरुण वाल्मीकि की मौत पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि, किसी को पुलिस कस्टडी में पीट-पीट कर मार देना कहां का न्याय है? आगरा पुलिस कस्टडी में अरुण वाल्मीकि की मौत की घटना निंदनीय है। भगवान वाल्मीकि जयंती के दिन उप्र सरकार ने उनके संदेशों के खिलाफ काम किया है। उच्च स्तरीय जांच व पुलिस वालों पर कार्रवाई हो व पीड़ित परिवार को मुआवजा मिले।

प्रदेश अध्यक्ष आ रहे आगरा

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, घटना के बाद आगरा आ रहे हैं। उनके स्वागत को कांग्रेसी रमाडा होटल पहुंचे हुए हैं। आगरा आने के बाद प्रदेश अध्यक्ष अरुण के परिवार से मिलने जाएंगे।

chat bot
आपका साथी